हनुमान जयंती पर विशेष : जहां हनुमान, वहीं समाधान- रामभक्ति का महा विज्ञान
02-Apr-2026
भारत की सनातन संस्कृति में प्रत्येक पर्व जीवन को दिशा देने वाला एक आध्यात्मिक संदेश होता है। देश में मनाए जाने वाले पावन पर्वों में हनुमान जयंती का विशेष स्थान है। यह एक ऐसा दिवस है, जो हमें भक्ति, सेवा, साहस और विनम्रता को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। पवनपुत्र हनुमानजी के जन्म का उत्सव एक दिव्य चेतना का स्मरण है, जो मनुष्य को साधारण से असाधारण बनाता है।
हनुमान जी का दिव्य अवतरण का आध्यात्मिक संकेत
भगवान शिव के रुद्रांश अवतार हैं हनुमान जी ऐसी पौराणिक मान्यता है। भगवान शिव के रुद्रांश अवतार ने धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए वानर रूप में अवतार लिया। चैत्र मास की पूर्णिमा को जन्म लेने वाले हनुमान जी को केवल बल का प्रतीक नहीं बल्कि भक्ति और बुद्धि के आदर्श के रूप में भी देखा जाता है।द्रिक पंचांग के अनुसार इस वर्ष हनुमान जयंती 2 अप्रैल को है । हनुमान जयंती का दिन आत्मशुद्धि, संकल्प और साधना के लिए बहुत ही उपयुक्त दिन है जब व्यक्ति अपने भीतर छिपी ऊर्जा को पहचान सकता है।
हनुमान जी की बाल लीला थी शक्ति का प्रारंभिक संकेत
हनुमान जी के बाल्यकाल की कथाएँ दिव्यता का प्रमाण हैं । सूर्य को फल समझकर निगल लेने वाली चमत्कारिक घटना उनके असीम साहस और ऊर्जा को दिखाने वाला है। इस प्रसंग से हमें पता चलता है कि शक्ति का सही दिशा में उपयोग ही उसे दिव्यता प्रदान करता है।
राम मिलन से आरम्भ हुआ हनुमान का वास्तविक जीवन
ऋष्यमूक पर्वत पर जब हनुमान ने श्रीराम और लक्ष्मण को देखा तो उनके भीतर का ज्ञान जाग उठा। ब्राह्मण वेश में उन्होंने जो संवाद किए उसने स्वयं श्रीराम को भी प्रभावित किया। यह केवल संवाद नहीं था बल्कि उनकी आत्मा का मिलन था। जब हनुमान जी ने प्रभु राम से कहा “मैं आपका दास हूँ”तभी से उनका जीवन उद्देश्य स्पष्ट हो गया।ऐसे क्षण हमें सिखाते हैं कि जीवन को दिशा तब ही मिलती है जब हम अपने अहंकार को त्यागकर किसी उच्च उद्देश्य से जुड़ते हैं।कहा जा सकता है हनुमान जी का वास्तविक जीवन तब शुरू हुआ जब उनकी भेंट भगवान श्रीराम से हुई।
भक्ति की उड़ान से लांघ पाए समुद्र
जब माता सीता के खोज की ज़िम्मेवारी सामने आई तब समुद्र के तट पर वानर सेना असमंजस में थी और जामवंत ने हनुमान जी को उनकी शक्ति का स्मरण कराया था। जैसे ही हनुमान जी को अपने सामर्थ्य का बोध हुआ तत्क्षण उन्होंने कहा—“यदि यह कार्य राम का है तो अवश्य संभव होगा”यहाँ हनुमान जी की उड़ान, भौतिक उड़ान नहीं थी बल्कि यह आत्मविश्वास और भक्ति की उड़ान थी। हनुमान जी के मार्ग में आने वाली मैनाक पर्वत, सुरसा और सिंहिका जैसी बाधाएँ हम सभी के जीवन की चुनौतियों का प्रतीक हैं। हनुमान जी हर बाधा को बल और बुद्धि से पार करके हमें जीवन का मूल मंत्र दिया है।
अशोक वाटिका में किया था आशा का संचार
अशोक वाटिका में जब हनुमान जी ने माता सीता को राम की मुंदरी दी थी तब वह केवल एक अंगूठी नहीं थी बल्कि माता के लिए आस की एक किरण थी ने कहा—राम दूत मैं मातु जानकी। सत्य सपथ करुनानिधान की॥यह मुद्रिका मातु मैं आनी। दीन्हि राम तुम्ह कहँ सहिदानी॥ अशोका वाटिका का यह प्रसंग बताता है कि संकट में व्यक्ति को केवल सहायता नहीं बल्कि विश्वास और आश्वासन की आवश्यकता होती है।
लंका दहन थी अधर्म के विरुद्ध चेतना
हनुमान जी द्वारा लंका दहन केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं था बल्कि अधर्म के विरुद्ध स्पष्ट चेतावनी थी। उनकी पूँछ में लगी आग ने रावण के अभिमान को तो जलाया मगर अशोक वाटिका को सुरक्षित रखा।इस प्रसंग से स्पष्ट है कि भक्ति विनाश नहीं करती बल्कि अधर्म का शोधन करती है।
सेवाभाव का चरमोत्कर्ष था संजीवनी प्रसंग
राम-रावण युद्ध में जब लक्ष्मण मूर्छित हुए थे तब हनुमान जी ने संजीवनी पर्वत लाकर उन्हें जीवनदान दिया था । यह घटना सेवा और समर्पण की पराकाष्ठा थे मगर विशेष बात यह रही कि इतना महान कार्य करने के बाद भी हनुमान जी ने इसका श्रेय स्वयं नहीं लिया उन्होंने इसे भी प्रभु श्री राम की कृपा बताया। हनुमान जी का संपूर्ण जीवन इस बात का दर्शन है कि सच्ची भक्ति पूरी तरह से अहंकार रहित होता है। उन्होंने हमेशा अपने बल के प्रदर्शन से पहले हर कार्य में विनम्रता को प्राथमिकता दी। “संकटमोचन” हनुमान को गोस्वामी तुलसीदास ने महाप्रभु कहा है,एक ऐसा भक्त, जो आज भी जीवित है, हर उस स्थान पर जहाँ भी राम का नाम लिया जाता है।
आधुनिक दृष्टिकोण : विज्ञान और हनुमान
21वीं सदी में हनुमान जी को धार्मिकता के इतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी समझा जा सकता है। उनका सूक्ष्म और विराट रूप “सूक्ष्म और विस्तार विज्ञान” का प्रतीक कहा जा सकता है। उनका समुद्र लांघना, ऊर्जा और आत्मविश्वास का उत्कृत उदाहरण है।उनका सही वक्त पर संजीवनी लाना चिकित्सा विज्ञान की महत्ता की ओर ईशारा है। प्रख्यात कथावाचक मोरारी बापू मानते हैं कि हनुमान जी को भजन और योग विज्ञान का गहरा ज्ञान था। वहीं प्रख्यात कथावाचक रमेश भाई ओझा हनुमान जी को निस्वार्थ सेवा, निर्भयता और रामनाम की शक्ति का प्रतीक मानते हैं।
प्राचीन मान्यता है कि जहाँ हनुमान चालीसा का पाठ होता है वहाँ नकारात्मक शक्तियाँ प्रवेश नहीं कर पातीं। हनुमान जी का नाम स्वयं ही एक मंत्र है जो भय, दुख और संकट को दूर करता है। हनुमान जयंती का दिन हमें याद दिलाने वाला होता है कि सच्ची शक्ति दूसरों के कल्याण में निहित होता है। जहां तक हो सके हनुमान जयंती व्रत का संकल्प लेना चाहिए इस दिन यथा सम्भव हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सिंदूर, चमेली का तेल, लाल पुष्प, गुड़-चना और बूंदी के लड्डू अर्पित करें। हनुमान जी केवल एक महत्वपूर्ण पौराणिक पात्र होने के साथ ही साथ एक जीवंत विश्वास भी हैं। संक्षेप में कहा जा सकता है जहाँ राम हैं, वहाँ हनुमान हैं और जहाँ हनुमान हैं, वहाँ विजय, विवेक और विश्वास है। और अंत में वह स्तुति जो केवल शब्द नहीं बल्कि उस शक्ति का आह्वान है जो हमें हर संकट से उबार सकती है।