T20 में शतकों का अंबार लगाने वाले टॉप 9 धुरंधर, अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, नंबर 1 की गद्दी पर अब ये 2 नाम
22-Apr-2026
Most T20 Centuries by Indians : भारतीय क्रिकेट में 9 ऐसे धुरंधर हुए हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में शतकों का अंबार लगाया है. इस लिस्ट में एक नए सुल्तान का जुड़ाव हुआ है. उसने तेजी से 9 शतक ठोक डाले हैं.
Most T20 Centuries by Indians: भारतीय क्रिकेट में जब भी शतकों की बात होती थी, तो केवल विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम जुबां पर आता था, लेकिन अब टी20 क्रिकेट का एक नया ‘सुल्तान’ पैदा हो चुका है. ये कोई और नहीं बल्कि आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए तबाही मचा रहे खूंखार ओपनर अभिषेक शर्मा हैं. 21 अप्रैल की रात सीजन के 31वें मुकाबले में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 135 रनों की तूफानी पारी खेली और भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में खलबली मचा दी.
अभिषेक ने 135 रनों की पारी के दम पर वह कारनामा कर दिखाया है, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी. अभिषेक ने न केवल अपनी बल्लेबाजी से दिल्ली को तहस-नहस किया, बल्कि ओवरऑल टी20 क्रिकेट में 9 शतक जड़कर महान विराट कोहली के महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. अब भारत की ओर से सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में नंबर-1 की कुर्सी पर विराट और अभिषेक, इन्हीं दो नामों का जलवा है. वहीं ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 22 सेंचुरी मारी हैं.
भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा शतक
9 – अभिषेक शर्मा
9 – विराट कोहली
8 – रोहित शर्मा
7 – संजू सैमसन
7 – केएल राहुल
7 – ईशान किशन
6 – ऋतुराज गायकवाड़
6 – शुभमन गिल
6 – सूर्यकुमार यादव
मैच का लेखा-जोखा
अगर मैच की बात करें तो 21 अप्रैल यानी मंगलवार को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 31वां मैच हुआ, जिसमें अभिषेक शर्मा अलग ही मूड में नजर आए. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों को जमकर पीटा और महज 47 गेंदों में शतक पूरा किया. बाएं हाथ के इस ओपनर ने 198.53 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों में 10 छक्के और 10 चौके जड़े. उनकी नाबाद 135* रनों की पारी ने हैदराबाद को 242 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. इस बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी और 47 रनों से मैच गंवा दिया.