Raipur News: बेटे के जन्म पर मां ने नाम रखा ‘शंकर’, शंकर ने जवानी में मचाया तांडव, हत्या कर पहुंचा जेल… रिहा होने के बाद साइकिल से किए 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन
Raipur News: प्रतीक चौहान. मां संगीता ने बेटे के जन्म के बाद उसका नाम शंकर रखा… लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटा जवानी में खूब तांडव मचाएगा… बेटे की बुरी संगत और नशे की लत ने उसे अपने दोस्त की हत्या के लिए विवश किया, जिसके बाद उसे 16 साल की जेल हुई. जेल में भी बेटे ने कम आतंक नहीं मचाया. अपने दोस्तों के साथ शंकर ने यहां भी ऐसा उत्पात मचाया कि अन्य कैदियों के साथ मिलकर 5 दिनों तक उन्होंने जेल में अधिकारियों को चाय-नाश्ता भी नहीं दिया और अपनी ही मर्जी चलाई. चूंकि हत्या के आरोप में शंकर जेल गए थे तो उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल के बैरक नंबर 8 के पीछे बड़ी गोल में रखा गया था जहां खूंखार कैदियों को रखा जाता है… लेकिन अब शंकर बदल गए है. उन्होंने जेल से रिहा होने के बाद आध्यात्म का रूख कर लिया है और उन्होंने अपनी साइकिल से 8 महीने 5 दिन में 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर 4 अगस्त रविवार को रायपुर पहुंचे.