मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे और 240 नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यह भव्य आयोजन जशपुर के रणजीता स्टेडियम में किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंध रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के कई मंत्री और स्थानीय विधायक भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री साय नवदंपतियों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करेंगे और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी भी देंगे। इस आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है।
आज से कुश्ती स्पर्धा, देशभर के 144 पहलवान दिखाएंगे दम
रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन आज कुश्ती स्पर्धा का आगाज होगा। अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में देशभर से आए पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में 30 राज्यों के कुल 144 पुरुष और महिला रेसलर्स हिस्सा ले रहे हैं। मुकाबले आज से 31 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, कुश्ती के मैच रोजाना तीन चरणों में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत हर दिन सुबह 8 बजे से होगी, जिसमें अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ी आमने-सामने होंगे। अंबिकापुर में शुरू हो रही कुश्ती स्पर्धा खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी, जहां देशभर के युवा पहलवान पदक के लिए कड़ी टक्कर देते नजर आएंगे।
दुबई में हिंदी गौरव सम्मान से सम्मानित हुई शिक्षिका हर्षलता मिश्रा
धरसीवां। दुबई (यूएई) स्थित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंच साहित्य अर्पण द्वारा प्रतिवर्ष हिन्दी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन के लिए समर्पित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहित्य सेवियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर विकासखंड धरसीवां के शासकीय प्राथमिक शाला कन्हेरा में पदस्थ शिक्षिका एवं साहित्यकार हर्षलता मिश्रा को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए साहित्य अर्पण मंच, दुबई की मुख्य कार्यक्रम अधिकारी (सीईओ) नेहा शर्मा ने हिन्दी गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया। शिक्षिका हर्षलता मिश्रा साहित्य सर्जन के साथ नवाचारी शिक्षा के लिए जानी जाती है। अपने शाला के बच्चों को कठपुतली के माध्यम से अध्ययन अध्यापन का कार्य कराती है। यह सम्मान न केवल उनकी साहित्य साधना का गौरव है, बल्कि छत्तीसगढ़ एवं हिन्दी जगत के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। शिक्षिका के सम्मान पर अभिमन्यु मिश्रा, लोकेश कुमार वर्मा, भारती वर्मा, अचला मिश्रा, अर्चना साहू, अमी विश्वकर्मा, खोमन सिन्हा, मीनाक्षी राव ने बधाई दी है।
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून को, आवेदन 27 अप्रैल तक
रायपुर। बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। व्यापमं द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून को आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विद्यार्थी 27 अप्रैल को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसमें 28 से 30 अप्रैल तक सुधार किया जा सकेगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे होगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा के लिए सभी 33 जिला मुख्यालयों में केन्द्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पद्धति से किया जाएगा। शासन के नियमानुसार राज्य के स्थानीय अभ्यर्थी जो परीक्षा में सम्मिलित होते हैं, उनका परीक्षा शुल्क व्यापमं द्वारा वापस किया जाएगा।
अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन निःशुल्क कोचिंग
बालोद। भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए 1 अप्रैल तक वेबसाईट पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 1 से 10 जून तक पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाईन कॉमन एंट्रेस एग्जाम आयोजित किया जाना संभावित है। भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती हेतु पंजीकृत अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा निःशुल्क कोचिंग प्रदान किया जाएगा। ऐसे आवेदक जो लिखित परीक्षा के लिए निःशुल्क ऑनलाईन कोचिंग प्राप्त करना चाहते हैं वे भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीयन पश्चात आवेदन छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग को प्रेषित कर सकते हैं। आवेदक को लिखित परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए ऑनलाईन आवेदन करने के पूर्व रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। उक्त संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष क्रमांक 07740-299509 से भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 17 अप्रैल 2026 तक विभागीय वेबसाइटhttps://eklavya.cg.nic.in/ पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन भरे गए आवेदनों में 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक त्रुटि सुधार भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को किया जाएगा। उक्त संबंध में अधिक जानकारी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएमए, एनडीए, क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।