नर्मदा कुंड मंदिर जाएंगे सीएम साय, हनुमान जयंती पर मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़, जग्गी हत्याकांड मामले में फैसला आज, ट्राइबल गेम्स : मेंस हॉकी में छत्तीसगढ़ ने जीता ब्रॉन्ज, गांवों में चौपाल लगाएंगे मंत्री, विधायक और सांसद, मांगों को लेकर आंदोलन करेगी कांग्रेस
रायपुर |
02-Apr-2026
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से नर्मदा कुंड मंदिर के लिए रवाना होंगे। यहां वे श्री हनुमान जन्म महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री रात 8:10 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हनुमान जयंती : मंदिरों में सुबह से भक्तों की उमड़ी भीड़
रायपुर। हनुमान जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में भक्तिमय माहौल है। सुबह 4 बजे से ही मंदिरों में पूजन-अभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन कर रहे हैं और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। शहर के 1000 से अधिक हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा, महाआरती, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया है। शाम के समय मंदिरों में विशेष आरती, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल और भी भव्य हो जाएगा।
जग्गी हत्याकांड मामले में आज आएगा फैसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड मामले में आज अंतिम सुनवाई होगी। इसके लिए हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद वर्मा की स्पेशल डिवीजन बेंच गठित की गई है। मामले में सीबीआई ने 11000 पन्ने की जांच रिपोर्ट पेश की है, जिसमें अमित जोगी के खिलाफ भी चार्ज लगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले को हाईकोर्ट में फिर से खोला गया है। इससे पहले हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने अंतिम सुनवाई के लिए 1 अप्रैल की तारीख तय की थी। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच में सतीश जग्गी, सीबीआई, राज्य सरकार और अमित जोगी के वकील मौजूद रहे। केस की सुनवाई के दौरान अमित जोगी के वकील ने कोर्ट को बताया कि उन्हें केस की फाइल उपलब्ध नहीं कराई गई है, इसलिए जवाब देने के लिए समय दिया जाए। हालांकि हाईकोर्ट ने समय देने से इनकार कर दिया और सीबीआई के वकील को निर्देश दिया कि फाइल तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
ट्राइबल गेम्स : मेंस हॉकी में छत्तीसगढ़ ने जीता ब्रॉन्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेंस हॉकी टीम ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। साइंस कॉलेज स्थित हॉकी टर्फ में बुधवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को 14-6 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से संदीप ठाकुर, रॉबिन एक्का ने तीन-तीन गोल किए। वहीं, अविनाश एक्का, विशाल केसपोट्टा और सुमित मिंज ने दो-दो गोल किए। इसी तरह कोटा स्टेडियम में हुए फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल-प्रदेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई। छत्तीसगढ़ से अखिलेश कुमार उइके ने दो गोल दागे। 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 4 ब्रांज के साथ छत्तीसगढ़ 10वें पायदान पर है।
6 अप्रैल से BJP का गांव चलो अभियान
रायपुर। भाजपा ने छत्तीसगढ़ में 6 से 14 अप्रैल तक “गांव चलो अभियान” चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और सांसद गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी ग्रामीण इलाकों का दौरा करेंगे। पार्टी की योजना के मुताबिक हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 गांवों का चयन किया गया है, जहां जनप्रतिनिधि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के प्रयास करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है।
कांग्रेस ने 19 मांगों को लेकर निकाली पदयात्रा, तेज होगा आंदोलन
जगदलपुर। शहर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए एक दिवसीय धरना और पदयात्रा निकाली। लालबाग मैदान से शुरू हुई रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां राज्यपाल के नाम 19 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कांवड़ में खाली मटके लेकर पहुंचे और जल संकट को प्रमुख मुद्दा बनाया। जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य, वन अधिकार पट्टा वितरण में देरी, किसानों की धान खरीदी और मनरेगा में ठहराव जैसे मुद्दों को उठाया। इसके साथ ही बिजली समस्या, जगदलपुर में हाईकोर्ट खंडपीठ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए आंदोलन और तेज करने के संकेत दिए।