Amarnath Yatra 2024: दो दिनों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 28 हजार से हुआ पार…
03-Jul-2024
Amarnath Yatra 2024: अमरनाथ यात्रा को लेकर हर साल की तरह इस बार भी भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. यात्रा के पहले दो दिन में 29 और 30 जून को 28 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर लिए हैं.
इस साल 52 दिन तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी, और 19 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी. श्रद्धालु 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम-गुफा तीर्थ मार्ग से या फिर 14 किलोमीटर लंबे बालटाल-गुफा तीर्थ मार्ग से यात्रा करते हैं. पहलगाम मार्ग से गुफा मंदिर तक पहुंचने में चार दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग से जाने पर ‘दर्शन’ करने के बाद उसी दिन वापस आधार शिविर लौट सकते हैं.
इस वर्ष लगभग 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर, दोनों यात्रा मार्गों पर, दोनों आधार शिविरों पर और गुफा मंदिर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि यात्रा सुचारू और निर्बाध हो सके. दोनों मार्गों पर और पारगमन शिविरों और गुफा मंदिर में 124 से अधिक ‘लंगर’ लगाए गए हैं. इस वर्ष की यात्रा के दौरान 7,000 से अधिक ‘सेवादार’ (स्वयंसेवक) यात्रियों की सेवा कर रहे हैं.