लोकसभा चुनाव 2024: उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने 195 उम्मीदवारों की घोषणा की, तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई
लोकसभा चुनाव 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने 195 लोकसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. उत्तराखंड में भी पांच लोकसभा सीटों में से तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी गई है. बीजेपी द्वारा जारी लिस्ट में टिहरी से माला राज्यलक्ष्मी शाह, अल्मोड़ा से अजय टम्टा और नैनीताल-उधमसिंहनगर सीट से अजय भट्ट को प्रत्याशी बनाया गया है.
बता दें कि पार्टी ने इन तीनों ही सीटों पर पुराने चेहरों पर ही दांव खेला है. राज्य की सभी पांचों लोकसभा सीटों में सबसे अधिक 11 दावेदार टिहरी सीट पर थे, जबकि हरिद्वार और अल्मोड़ा सीट पर सबसे कम पांच-पांच दावेदार ही थे. बीजेपी को अब दो सीटों पर पार्टी को प्रत्याशी तय करना है. हरिद्वार और गढ़वाल संसदीय पर पेच फंसा हुआ है.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने मीडिया को बताया कि बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है. उत्तराखंड राज्य की 2 सीटों पर सस्पेंस अभी बाकी है. गढ़वाल लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद तीरथ सिंह रावत के अलावा अनिल बलूनी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, दीप्ति रावत, आशा नौटियाल और अजेंद्र अजय के नाम प्रमुख हैं. वहीं हरिद्वार लोकसभा सीट से सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा त्रिवेंद्र सिंह रावत, मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, श्यामवीर सिंह सौनी, किरण, यतींद्रानंद गिरी समेत कई दूसरे नेता दावेदारी कर रहे हैं.