मोदी सरनेम मुद्दा: सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की याचिका पर पूर्णेश मोदी और गुजरात सरकार को जारी किया नोटिस, अब किस दिन होगी अगली सुनवाई...
मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई की. जस्टिस बीआर गवई और प्रशांत कुमार मिश्रा की बेंच ने राहुल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले पूर्णेश मोदी और गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया है. इस पर 10 दिनों में जवाब देना होगा. इस मामले में अगली सुनवाई 4 अगस्त को होगी.
जब कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई तो पीठ के अध्यक्ष जस्टिस बी आर गवई ने केस को लेकर अपनी व्यक्तिगत समस्या बताते हुए दोनों पक्षों से सुनवाई के लिए सलाह मांगी. जस्टिस गवई ने कहा, मेरे पिता कांग्रेस के करीबी थे. भाई अभी भी कांग्रेस सदस्य हैं. आप लोग तय करें कि मैं सुनवाई करूं या नहीं.
जस्टिस गवई के ऐसा कहने पर पूर्णेश मोदी की तरफ से पेश हुए वकील महेश जेठमलानी ने कहा, हमें कोई आपत्ति नहीं है. इसके बाद राहुल गांधी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने भी कहा, हम भी इनके बयान से सहमत हैं. दोनों पक्षों के सहमत होने के बाद जस्टिस गवई ने सुनवाई शुरू की और कहा कि हम याचिकाकर्ता पूर्णेश मोदी और गुजरात सरकार को औपचारिक नोटिस जारी कर रहे हैं.
सुनवाई के दौरान पूर्णेश मोदी के वकील ने जवाब दाखिल करने की अनुमति मांगी, जिसे पीठ ने मंजूर किया. जेठमलानी ने कोर्ट को बताया, 10 दिनों में जवाब दाखिल कर देंगे. जस्टिस गवई ने 4 अगस्त को सुनवाई के लिए अगली तारीख तय की है.