महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालु सुनेंगे राम धुन, रायबरेली डिपो से चलेंगी 49 बसें, चालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य
02-Jan-2025
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। रायबरेली डिपो से महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 49 बसें चलाई जाएगी। अगर श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ तो अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया जाएगा। इन बसों में यात्री राम धुन सुनते हुए संगम नगरी के लिए रवाना होंगे।
चालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य
एआरएम ने बताया कि बसों में यात्रियों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। साथ ही, बसों के चालकों और परिचालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है। ताकि वो भीड़-भाड़ वाले इलाके में भी दूर से नजर आ सके और यात्रियों को मेला क्षेत्र में उन्हें खोजने में आसानी हो। बस में सफर करने वाले श्रद्धालुओं का खास ख्याल रखा जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो इस पर परिवहन विभाग का काम कर रहा है।
महाकुंभ में दौड़ेंगी लग्जरी इलेक्ट्रिक बसें
इसके अलावा पहली बार प्रयागराज और महाकुंभ नगर में डबल डेकर ई बसे फर्राटा भरेंगी। प्रयागराज में इसका रुट सर्वे किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद परिवहन विभाग तय रुट पर डबल डेकर ई बसे चलाने की अनुमति प्रदान करेगा। इसमें दो फ्लोर होंगे निचले तल में 30 यात्री और ऊपरी तल में 36 यात्रियों की बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बस में 4 सीसीटीवी कैमरे और एक पीछे कैमरा लगाया जाएगा। साथ ही आपात स्थिति में बस की हर सीट पर पैनिक बटन मौजूद रहेगा।
महाकुंभ में शाही स्नान की तिथियां
13 जनवरी 2025- पौष पूर्णिमा
14 जनवरी 2025- मकर संक्रांति
29 जनवरी 2025 – मौनी अमावस्या
3 फरवरी 2025- वसंत पंचमी
4 फरवरी 2025- अचला नवमी
12 फरवरी 2025- माघी पूर्णिमा
26 फरवरी 2025- महाशिवरात्रि