सरकार ने सभी विभागों से संविदा कर्मचारियों की जानकारी मांगी, संविदाकर्मी हो सकते हैं रेगुलर!
भोपाल: विधानसभा चुनाव के पहले शिवराज सरकार (Shivraj Sarkar) हर वर्ग को साधने में जुटी है। कर्मचारियों पर भी सरकार का विशेष फोकस है। चुनावी साल में सरकार संविदा कर्मचारियों को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकती है।
दरअसल, वित्त विभाग ने सभी विभगों से संविदा कर्मचारियों के स्टाफ की जानकारी मांगी है। साथ ही वित्त विभाग ने यह भी पूछा है कि किसी बड़ी योजना के ऐलान को लेकर राज्य सरकार पर कितना वित्तीय भार आएगा। विभागों को 4 दिन के अंदर जानकारी देगी होगी। पहले यह जानकारी सामान्य प्रशासन के पास जाएगी, उसके बाद वित्त विभाग के प्रमुख सचिव इसका आंकलन करेगे।
बता दें कि इससे पहले चार जुलाई को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में संविदा कर्मचारियों के सम्मेलन में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कई सौगात दी थी। सीएम ने संविदा कर्मचारियों की प्रतिवर्ष अनुबंध की प्रक्रिया समाप्त करने, नियमित कर्मचारियों के बराबर वेतन देने और रिटायर्मेंट पर ग्रेजुएटी और नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ देने की घोषणा की थी। साथ ही अवकाश भी नियमित कर्मचारियों के बराबर देने का वादा किया था। इन सभी घोषणाओं पर अमल भी हो गया है।