"हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही, इमारतों की गिरी तस्वीरें आई सामने"
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आज दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां 30 सेकेंड के अंदर 7 इमारतें भर भराकर गिर गईं. जिस किसी ने भी तबाही का यह मंजर देखा, वह सहम उठा.
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि प्रशासन ने इन इमारतों को तीन दिन पहले ही खाली करवा लिया था. इसके चलते हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. आसपास की 2-3 इमारतों पर अभी भी खतरा बना हुआ है. यहां लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है.
राज्य में पिछले 24 घंटे में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा कई घर टूट गए. भारी बारिश के चलते कुल्लू-मनाली हाईवे भी बंद कर दिया गया है. मौसम विभाग ने पूरे राज्य में अगले दो दिन भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत 6 राज्यों में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.