राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सरकार ने बदले नियम, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आज से बननी शुरू होगी बाबरी जैसी मस्जिद, कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर से चैंबर में गाली-गलौच की, राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू, डीएसी से 114 राफेल फाइटर प्लेन की खरीद को मंजूरी मिलने की उम्मीद
12-Feb-2026
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सरकार ने बदले नियम, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आज से बननी शुरू होगी बाबरी जैसी मस्जिद, कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर से चैंबर में गाली-गलौच की, राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू, डीएसी से 114 राफेल फाइटर प्लेन की खरीद को मंजूरी मिलने की उम्मीद प्रमुख रहा।
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सरकार ने बदले नियम
राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की तरह अब राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को भी सरकारी कार्यक्रमों में बजाना और गाना अनिवार्य कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार, सभी सरकारी और आधिकारिक आयोजनों में ‘वंदे मातरम्’ का गायन या वादन सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ दोनों प्रस्तुत किए जाते हैं, तो क्रम में पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ गाया या बजाया जाएगा। गृह मंत्रालय के निर्देशों में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित सभी लोगों को सावधान मुद्रा में खड़ा रहना होगा। इसे राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से जरूरी बताया गया है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आज से बननी शुरू होगी बाबरी जैसी मस्जिद
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद के नाम पर नई मस्जिद के निर्माण की घोषणा ने सरगर्मी बढ़ा दी है. आज से मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होगा. यह परियोजना 2 साल में ₹300 करोड़ की लागत से पूरी होगी. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ के निर्माण की शुरुआत आज कुरान की तिलावत के साथ होगी। आज सुबह करीब 10 बजे नींव पत्थर रखने की रस्म होगी, जिसमें करीब 1200 लोगों के कुरान पढ़ने की उम्मीद है। इसके बाद कंस्ट्रक्शन के काम की फॉर्मल शुरुआत होगी। कबीर ने कहा है कि बुधवार को सुबह 10 बजे कुरान की तिलावत के साथ बाबरी मस्जिद का कंस्ट्रक्शन शुरू होगा।
कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर से चैंबर में गाली-गलौच की, राहुल गांधी पर बरसे किरेन रिजिजू
संसद का बजट सत्र चल रहा है. विपक्षी सांसदों के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जाकर हंगामा करने के मामले पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कम से कम 20 से 25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उन्हें गालियां दीं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री रिजिजू ने कहा, “मैं उनको कुछ नहीं सिखा सकता. मुझे समझ नहीं आता कि वह किस दुनिया में रहते हैं. कौन सी आइडियोलॉजी उनके कामों को चलाती है?” कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उन्हें समझाना चाहिए.
डीएसी से 114 राफेल फाइटर प्लेन की खरीद को मंजूरी मिलने की उम्मीद
भारत में राफेल बनाने के लिए फ्रांस की कंपनी दसॉल्ट और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के बीच समझौता हुआ है. हैदराबाद में राफेल के जरूरी हिस्से बनाने की फैक्ट्री लगाई जाएगी. भारत फ्रांस से फाइटर जेट राफेल को लेकर बड़ी डील करने की तैयारी में है। अगर यह डील पास होती है तो यह भारत के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील साबित होगी, जिसकी कुल लागत करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये आंकी जा रही है. वायुसेना के लिए 114 राफेल जेट के प्रस्ताव को रक्षा अधिग्रहण परिषद् की मीटिंग में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे से पहले यह अहम कदम होगा।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
महाराष्ट्र चुनाव में राजनीतिक परिवारवाद की जीत: महाराष्ट्र के जिला परिषद (Zilla Parishad) और पंचायत समिति चुनावों में एक बार फिर राजनीतिक परिवारवाद केंद्र में नजर आया है. राज्य के अलग-अलग जिलों में बड़े नेताओं के बेटे, बेटियां, पत्नियां, भतीजे और अन्य रिश्तेदारों ने निर्णायक जीत दर्ज की है. स्थानीय निकाय चुनावों में यह साफ दिखा कि जमीनी स्तर पर भी राजनीतिक विरासत का असर अब भी कायम है. राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के नतीजे घोषित किए गए, जिनमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. चुनाव नतीजों ने दिखाया कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में भी राजनीतिक विरासत का असर अब भी मजबूत बना हुआ है.
लोकसभा में सुप्रिया सुले के अलग स्टैंड ने चौकाया: महाराष्ट्र में अजित पवार की प्लेन हादसे में मौत के बाद पूरी पवार फैमिली कठिन घड़ी से गुजर रही है। अजित पवार की तेहरवीं के बाद मंगलवार को सुनेत्रा पवार ने मुंबई में डिप्टी सीएम का कार्यभार संभाला, तो वहीं दूसरी ओर शरद पवार सीने में कफ की शिकायत के बीच पुणे में भर्ती है। इस सब के बीच दिल्ली के संसद सत्र के बीच मचे घमासान के बीच सुप्रिया सुले ने कांग्रेस की अगुवाई वाले विपक्ष से हटकर स्टैंड लिया। सुप्रिया सुले ने इस अपने इस स्टैंड पर कोई प्रतिक्रिया तो नहीं दी है.
व्हाइट हाउस में नेतन्याहू, समंदर में जंगी बेड़ा: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वॉशिंगटन पहुंच गए हैं. उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात में ईरान का परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलों पर पाबंदी और ईरान समर्थित गुटों को मिलने वाले समर्थन को रोकने जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे. दिलचस्प ये है कि नेतन्याहू के अमेरिका आने के साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पास एक दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप तैनात कर दिया है. अटकलें ऐसी लगाई जा रही हैं कि ये मुलाकात तो बहाना है, दरअसल वो मिलकर ईरान के लिए नई स्ट्रैटजी तैयार कर रहे हैं.
बंगाल में TMC नेता के घर पर बम से हमला: पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई. बशीरहाट म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 8 से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद असित मजूमदार के घर पर बम फेंके जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना रात करीब 9:15 बजे की है, जब बदमाशों ने उनके घर के पिछले गेट को निशाना बनाकर बम फेंका. बम धमाके की तेज आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की फैमिली को मिलेंगे 38 लाख : बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं का नंबर थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिस दीपू दास की कट्टरपंथियों की भीड़ ने लिंचिंग करते हुए हत्या कर दी थी और फिर उसकी लाश को भरे चौराहे पर फूंक दिया था. उसके परिवार पर यूनुस सरकार को 2 महीनों बाद दया आ गई है. सरकार की तरफ से दीपू की फैमिली को 38 लाख रुपए का लॉलीपॉप देने का ऐलान किया गया है. इस ऐलान में बीवी-बच्चों को मदद देने से लेकर घर बनवाने तक की व्यवस्था की गई है. बांग्लादेश के शिक्षा सलाहकार ने कहा कि सरकार की ओर से परिवार को दी जा रही मदद किसी की जान की भरपाई तो नहीं कर सकती है, लेकिन सरकार इसके लिए न्याय को जरूर सुनिश्चित करेगी.