देश-विदेश

तेल संकट के बीच PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग; चांदी एक हफ्ते में ₹32,000 सस्ती हुई, सोना भी ₹13,000 फिसला; सबसे ज्यादा दिन सरकार प्रमुख रहने वाले राजनेता बने मोदी; हिमाचल प्रदेश में वित्तीय संकट गंभीर

 खबरों में तेल संकट के बीच PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग; चांदी एक हफ्ते में ₹32,000 सस्ती हुई, सोना भी ₹13,000 फिसला; सबसे ज्यादा दिन सरकार प्रमुख रहने वाले राजनेता बने मोदी; हिमाचल प्रदेश में गंभीर वित्तीय संकट प्रमुख रहा।



1. तेल संकट के बीच PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में ईरान अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष की पृष्ठभूमि में हालात की समीक्षा और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा के लिए मंत्रिमंडल की सुरक्षा समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में आवश्यक वस्तुओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों के लिए उर्वरकों की भविष्य में निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु उर्वरकों के वैकल्पिक स्रोतों पर भी विचार किया गया।



2. चांदी एक हफ्ते में ₹32,000 सस्ती हुई, सोना भी ₹13,000 फिसला

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध (US-Israel and Iran war) के बावजूद सोना-चांदी की कीमत (Gold-Silver Rates) गिरने का सिलसिला जारी है। बीते एक सप्ताह में चांदी करीब 32,000 रुपये सस्ती हुई है। सोना 13,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा फिसल चुका है। अपने हाई लेवल से अब 1 किलो चांदी 1.92 लाख रुपये सस्ती मिल रही है।



3. सबसे ज्यादा दिन सरकार प्रमुख रहने वाले राजनेता बने मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक सरकार के प्रमुख के रूप में उन्होंने 8,931 दिन पूरे करने के साथ ही चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। यहां बात सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग की बात हो रही है। PM मोदी इससे पहले गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, और वे ऐसे प्रधानमंत्री भी हैं जिनके पास मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का सबसे लंबा अनुभव है।


4. हिमाचल प्रदेश में गंभीर वित्तीय संकट

हिमाचल प्रदेश में आर्थिक दबाव के चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने समेत मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की सैलरी का एक हिस्सा 6 महीने के लिए टालने का फैसला किया है. हालांकि, ग्रुप-सी और ग्रुप-डी कर्मचारियों को पूरी सैलरी मिलेगी. वहीं सरकार ने मेडिकल स्टाफ, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं सहित कई वर्गों के मानदेय में बढ़ोतरी की है. विधायक योजनाओं की सीमा भी बढ़ाई गई है. सरकार का कहना है कि हालात सुधरने पर रोकी गई राशि वापस दी जाएगी.



केरलम CM पिनाराई विजयन बोले- ‘राहुल गांधी और कांग्रेस BJP की बी-टीम है

केरलम विधानसभा चुनाव (Keralam Assembly Elections) की तिथि नजदीक आने के साथ ही नेताओं के बीच जुबानी जंग बढ़ गई है। केरलम सीएम पिनाराई विजयन ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पिनाराई विजयन ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी ( BJP) की बी-टीम है। केरलम सीएम ने कहा कि राहुल गांधी अपने अनुभवों से भी कुछ नहीं सीखते।


कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

 ‘पाइक्सिस पायनियर’ जहाज हजारों टन LPG लेकर पहुंचा भारतः मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध की वजह से एशियाई देशों को गैस और तेल की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. इस दौरान भारत में भी LPG की क्राइसिस देखने को मिल रही है. हालांकि, इस बीच राहत पहुंचाने वाली खबर सामने आई है. पाइक्सिस पायनियर नाम का एक जहाज एलपीजी गैस लेकर रविवार (22 मार्च) को भारत आ गया है. मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक न्यू मंगलुरु बंदरगाह पर अगले हफ्ते बड़ी मात्रा में एलपीजी यानी गैस पहुंचने वाली है. जानकारी के अनुसार, कुल मिलाकर करीब 72,700 टन एलपीजी आ सकती है और इसकी शुरुआत हो चुकी है. 

 एअर इंडिया का फरमान-वेट बढ़ा तो जाएगी नौकरीः एअर इंडिया अपने केबिन क्रू के लिए एक हेल्थ और फिटनेस कंप्लायंस पॉलिसी लाने की योजना बना रही है. इस पॉलिसी के तहत, जो लोग अंडरवेट, ओवरवेट या मोटापे से ग्रस्त पाए जाएंगे, उन्हें ड्यूटी से हटाया जा सकता है और उनकी सैलरी भी काटी जा सकती है. यह कंप्लायंस असेसमेंट केबिन क्रू सदस्यों के बॉडी मास इंडेक्स (BMI) पर आधारित होगा. इसमें 18 से 24.9 के बीच की रीडिंग को ‘नॉर्मल’ माना जाएगा और एयरलाइन इसे ‘डिजायर्ड रेंज’ (desired range) के तौर पर स्वीकार करेगी. 

पिता ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ किया वोट, तो बेटे ने खत्म किया रिश्ताः देश में हाल ही 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराए गए थे. इस दौरान दौरान अलग-अलग राज्यों में क्रॉस वोटिंग के साथ-साथ कई विधायक गायब भी रहे हैं. अब गायब हुए विधायकों और क्रॉस वोटिंग करने वालों के खिलाफ एक्शन भी शुरू हो गया है. हरियाणा कांग्रेस ने पांच विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. जिन पर आरोप है कि उन्होंने राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस-वोटिंग की थी. इस बीच विधायक चौधरी मोहम्मद इसराइल के बेटे नाज़िम चौधरी ने क्रॉस वोटिंंग से आहत होकर अपने पिता और परिवार से नाता तोड़ लिया है.

CBSE हर स्कूल में बनाएगा ‘मेंस्ट्रुअल हेल्थ सेंटर’ः केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने बेटियों के लिए बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है। स्कूलों में छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और सुरक्षित माहौल तैयार करने के लिए हर स्कूल में ‘मेंस्ट्रुअल हेल्थ सेंटर’ बनाने की घोषणा की है। बोर्ड ने सभी स्कूलों को मेंस्ट्रुअल हेल्थ सेंटर बनाने का निर्देश भी जारी कर दिया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आया है। 

Leave Your Comment

Click to reload image