ट्रंप के डिनर प्रोग्राम में फायरिंग पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई, जानें क्या बोले प्रधानमंत्री
26-Apr-2026
PM Modi On Firing in Donald Trump Dinner Program: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के डिनर प्रोग्राम में फायरिंग पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना की निंदा करते हुए ट्रंप की सलामती पर उन्हें शुभकामनाएं दी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि- यह जानकर राहत मिली कि वाशिंगटन DC के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद प्रेसिडेंट ट्रंप, फर्स्ट लेडी और वाइस प्रेसिडेंट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। मैं उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी पूरी तरह से निंदा की जानी चाहिए।
बता दें कि वॉशिंगटन डीसी (Washington, DC) के हिल्टन होटल (Hilton Hotel) में ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ (White House Correspondents Dinner) के दौरान फायरिंग की वारदात हुई है। कार्यक्रम में फायरिंग करने वाले शख्स को पकड़ लिया गया है। हमले का वीडियो और हमलावर की तस्वीर सामने आई। अंधाधुंध फायरिंग का वीडियो और हमलावर की तस्वीर खुद ट्रंप ने जारी किया है।
हमले के करीब डेढ़ घंटे बाद डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस दौरान हमले का वीडियो और हमला करने वाले की तस्वीर जारी की। ट्रंप ने कहा कि यह पूरी तरह से अप्रत्याशित था। यह हमला अमेरिका के संविधान पर हुआ हमला है। मैं जिंदा हूं उसके लिए सीक्रेट सर्विस की बहादुरी को सलाम। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बेहद तेजी और शानदार तरीके से कार्रवाई की। सीक्रेट सर्विस ने बहादुरी दिखाते हुए हमलावर को तुरंत दबोच लिया है।
ट्रंप ने यह भी कहा है कि जो लोग सबसे ज्यादा काम करते हैं, उन्हीं पर सबसे ज्यादा हमले होते हैं। ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध हमलावर बीमार और काफी शैतान लग रहा था। ट्रंप ने कहा, ‘जिस तरह से सीक्रेट सर्विस ने मुझे, मेलानिया और वेंस समेत अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकाला वो काबिले-ए-तारीफ है। जिस हमलावर को पकड़ा गया है वो कैलिफोर्निया का है और बीमार है। मेरे कैबिनेट के सभी सहयोगी सुरक्षित हैं।