देश-विदेश

पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े; भारत आएंगे पुतिन; नॉर्वे में महिला पत्रकार के सवाल पर पीएम मोदी के जवाब न देने पर बवाल

 खबरों में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े; भारत आएंगे पुतिन; नॉर्वे में महिला पत्रकार के सवाल पर पीएम मोदी के जवाब न देने पर बवाल; बीमार और खतरनाक कुत्तों को मौत की सजा मिलेगी; गौतम अडानी की अमेरिका में बड़ी जीत प्रमुख रहा।


1. पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े


 देशवासियों को 5 दिन में दूसरी बार बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर इजाफा हुआ है। सरकारी पेट्रो कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 90 पैसे की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब पांच दिन में करीब 4 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ चुके हैं। इससे पहले 15 मई, शुक्रवार को ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।



2. भारत आएंगे पुतिन

रूसी राष्ट्रपति पुतिन 12 से 13 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आएंगे. क्रेमलिन ने पुष्टि कर दी है कि राष्ट्रपति पुतिन दो दिनों के लिए भारत जाएंगे. भारत में ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित होगा. बता दें कि एक साल के भीतर पुतिन का यह दूसरा भारत दौरा होगा. इससे पहले पुतिन पिछले साल दिसंबर में 23वें India-Russia Annual Summit में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे. इस महीने की शुरुआत में, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए भारत आए थे.




3. नॉर्वे में महिला पत्रकार के सवाल पर पीएम मोदी के जवाब न देने पर बवाल

 पीएम मोदी का नॉर्वे दौरा विवादों में आ गया है। नॉर्वे में एक प्रेस कार्यक्रम में नॉर्वे की महिला पत्रकार हेले लिंग (Helle Lyng) ने पीएम नरेंद्र मोदी से भारत में मानवाधिकार और मीडिया की स्वतंत्रता पर सवाल पूछा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के जोनस गाहर स्टोरे (Jonas Gahr Store) साथ संयुक्त बयान तो दिया, लेकिन मीडिया के सवाल नहीं लिए। इसपर अब नॉर्वे से लेकर भारत पर बवाल मच गया है। इस पर सोशल मीडिया पर भी जमकर रिएक्शन आ रहे हैं।



4. बीमार और खतरनाक कुत्तों को मौत की सजा मिलेगी

आवारा कुत्तों पर देश के शीर्ष न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने सुप्रीम फैसला सुना दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों पर डॉग लवर्स और एनजीओ की सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों के परिसरों से आवारा कुत्तों को हटाने का आदेश नहीं बदलेगा। आवारा कुत्तों पर पुराना आदेश (2025 का) ही लागू रहेगा। इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने बीमार और खतरनाक कुत्तों को मारने पर भी विचार करने को कहा है। शीर्ष न्य़ायालय ने कहा कि खतरनाक और बीमार कुत्तों को इंजेक्शन लगाकर मारा जा सकता है। लोगों की जान की सुरक्षा बेहद जरूरी है। जो अफसर निर्देश न माने, उस पर अवमानना का केस चलाया जाए।



5. गौतम अडानी की अमेरिका में बड़ी जीत

दिग्गज उद्योगपति और भारत के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी को अमेरिका में बड़ी कानूनी जीत मिली है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन और अमेरिकी न्याय विभाग (US Department of Justice) ने गौतम अडानी के खिलाफ सभी आपराधिक आरोप हमेशा के लिए वापस ले लिए हैं। न्यूयॉर्क में चल रहा हाई-प्रोफाइल सिक्योरिटीज और वायर फ्रॉड केस अब पूरी तरह बंद हो गया है। मामले की समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त आधार नहीं हैं। इसके बाद कोर्ट ने गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करने का आदेश दिया। अब इस मामले को अब दोबारा नहीं खोला जा सकता है।

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

यूपी के नाबालिग का जम्मू-कश्मीर में जबरन धर्म परिवर्तनः रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा गए एक नाबालिग हिंदू लड़के के धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, जिस नाबालिग लड़के का धर्म परिवर्तन कराया गया है वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है. परिवार का आरोप है कि उनके 17 साल के बेटे का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है, जबकि दूसरी ओर कश्मीर की एक मस्जिद की ओर से जारी घोषणा पत्र में किशारे की इच्छा से इस्लाम स्वीकार करने का दावा किया गया है. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और स्थानीय हिंदू संगठनों ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. 

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्याः पंजाबी इंडस्ट्री से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की मौत हो गई है. 19 मई की सुबह उनकी लाश नीलो नहर में मिली. सिंगर को 6 दिन पहले बंदूक की नोंक पर किडनैप किया गया था. तभी से उनकी तलाश लगातार जारी थी. परिवार का आरोप है कि इंदर की जान उसके सनकी आशिक ने ली है क्योकि उसने शादी से इनकार कर दिया था. फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. 

अभिषेक बनर्जी के घर पर बुलडोजर चलेगा! बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं। बंगाल की बीजेपी सरकार ममता बनर्जी के पुराने फैसले पर रिव्यूह कर रह है। वहीं दूसरी तरफ सुवेंदु सरकार अपने नये-नये फैसले से दोनों को झटके दे रही है। ममता बनर्जी के भतीजे और TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी घर निर्माण नियम को लेकर बुरी तरह फंस गए हैं। कोलकाता नगर निगम यानी केएमसी (KMC) ने नियमों के उल्लंघन को लेकर अभिषेक बनर्जी को नोटिस जारी किया है।

 राहुल गांधी बोले-तूफान आने वाला हैः लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर बड़ा हमला बोला है. राहुल ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि देश जल्द ही एक बड़े ‘आर्थिक तूफान’ का सामना करने वाला है. अपने रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनाई गई आर्थिक व्यवस्था उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है. 

‘चिकन नेक’ पर सीएम सुवेंदु अधिकारी का बड़ा फैसलाः पूर्वोत्तर राज्यों (7 राज्य) को भारत से जोड़ने वाले सबसे कमजोर नब्ज ‘चिकन नेक’ (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) (Siliguri Corridor) पर पश्चिम बंगाल सीएम सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है। पश्चिम बंगाल सरकार ने नेशनल हाइवे के सात हिस्सों को केंद्र सरकार के कंट्रोल में सौंपने का फैसला किया है। सुवेंदु सरकार ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर में 120 एकड़ जमीन केंद्र को सौंपी है। बंगाल सरकार के इस फैसले से  नेशनल हाइवे अथॉरिटी (NHAI) और नेशनल हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के लिए बंगाल में महत्वपूर्ण रोड कॉरिडोर पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का रास्ता अब साफ हो गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image