Champions Trophy 2025 को लेकर पाकिस्तान की बड़ी डिमांड, BCCI से मांगे सबूत, कहा- अगर भारत सरकार ने मंजूरी नहीं…
16-Jul-2024
Champions Trophy 2025 का आयोजन अगले साल फरवरी से मार्च तक होना है, लेकिन अभी तक इसका शेड्यूल और वेन्यू तय नहीं हुए हैं। आईसीसी ने पाकिस्तान को होस्टिंग दी है, लेकिन अगर भारतीय टीम पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगी तो टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित हो सकता है। बीसीसीआई ने इस पर कुछ साफ नहीं कहा है, लेकिन पीसीबी ने बीसीसीआई से भारत सरकार द्वारा सुरक्षा कारणों से टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने के लिखित सबूत मांगे हैं।
बता दें कि इससे पहले पीसीबी ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि अगर भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार करती है, तो वह भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाली 2026 टी20आई वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेगा। पीसीबी ये सारी कवायद इसलिए कर रहा है कि क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को पूरी तरह से अपने क्षेत्र में आयोजित कराना चाहते हैं। मामला राजस्व से भी जुड़ा हुआ है।
PCB ने BCCI से मांगे सबूत
Champions Trophy 2025 को लेकर पीसीबी के एक सूत्र ने कहा है कि अगर भारत सरकार ने अनुमति नहीं दी है तो उसे लिखित में देना होगा और बीसीसीआई को चाहिए कि आईसीसी को वह पत्र दे। उन्होंने कहा है कि हम लगातार कह रहे हैं कि बीसीसीआई पांच छह महीने पहले टूर्नामेंट के लिए टीम के पाकिस्तान जाने के बारे में आईसीसी को लिखित में सूचित करे। बीसीसीआई हमेशा से कहता आया है कि पाकिस्तान में खेलने का फैसला सरकार का होगा।
19 जुलाई को कोलंबो में होगी ICC की सालाना कॉन्फ्रेंस
बता दें कि आईसीसी की सालाना कांफ्रेंस इसी महीने की 19 जुलाई को कोलंबो में होगी, जिसमें हाइब्रिड मॉडल पर चर्चा नहीं होगी। सूत्रों के मुताबिक यह तय है कि भारतीय टीम अपने मैच पाकिस्तान में नहीं खेलेगी, लेकिन पीसीबी ने आईसीसी को चैंपियंस ट्रॉफी का जो शेड्यूल सौंपा है उसमें भारत के मैच लाहौर में कराए जाने की बात है। टूर्नामेंट 19 फरवरी को कराची में शुरू होगा और फाइनल 9 मार्च को लाहौर में होगा।
भारतीय क्रिकेट टीम 2008 के बाद से पाकिस्तान नहीं गई है। उम्मीद है कि श्रीलंका में होने वाली आईसीसी की बैठक में चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। संभावित है कि भारतीय टीम अपने मैच यूएई में खेले, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.