इन दिनों टी20 क्रिकेट की धूम है. यह फॉर्मेट सबसे ज्यादा पसंद किया जाने लगा है. दुनिया भर में टी20 क्रिकेट लीग ने इस फॉर्मेट को सबसे लोकप्रिय बना दिया है. इन दिनों भारत में आईपीएल 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जो इस लीग के इतिहास का 19वां सीजन है. इस लीग में एक टीम सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में एक खास मुकाम हासिल करने वाली है. यह टीम कोई और नहीं बल्कि 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस है, जो टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली तीसरी टीम है और वह अब एक खास मुकाम को हासिल करने की दहलीज पर है.
29 मार्च यानी आज केकेआर के खिलाफ वानखेड़े में होने वाले मुकाबले में एमआई जैसे ही मैदान पर कदम रखेगी, तो इतिहास रच देगी. एमआई तीसरी ऐसी टीम बन जाएगी, जो 300 टी20 मैच पूरे करेगी. अभी तक यह रिकॉर्ड पाकिस्तान और समरसेट टीम के नाम था. यहां हम आपके लिए उन 5 टीमों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेले हैं, लेकिन इससे पहले आपको यह जान लेना चाहिए कि पहला टी20 कब, कहां और किन टीमों के बीच खेला गया था?
कब खेला गया था पहला T20 मैच?
इतिहास उठाकर देखें तो दुनिया में पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 (T20 International) मैच आज से लगभग 21 साल पहले खेला गया था. तारीख थी 17 फरवरी 2005. इस दिन ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच पहला टी20 मैच हुआ था, जो न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क स्टेडियम में खेला गया था. तब से शुरू हुआ टी20 का कारवां 2026 तक आ पहुंचा हुआ है और अब तक हजारों मैच हो चुके हैं.
किस टीम ने खेले हैं सबसे ज्यादा T20 मैच?
अब लौटते हैं कि आखिर इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच किस टीम ने खेले हैं? नंबर 1 पर पाकिस्तान टीम का नाम है, जिसने अब तक 303 मैच खेले हैं. यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिसे तोड़ने के करीब अब मुंबई इंडियंस आ चुकी है. 29 मार्च 2026 यानी आज शाम 7 बजे जैसे ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच का टॉस होगा, तो मुंबई इंडियंस 300 टी20 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेट फ्रेंचाइजी बन जाएगी. इससे पहले केवल पाकिस्तान की नेशनल टीम और समरसेट ही इस आंकड़े तक पहुंचे थे. समरसेट ने 303 मैच खेले हैं.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली टॉप-5
1. पाकिस्तान- 303 मैच
2. समरसेट- 303 मैच
3. मुंबई इंडियंस- 299 मैच
4. हैम्पशायर- 296 मैच
5. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 288 मैच
300 मैच खेलने वाली पहली आईपीएल टीम बनेगी मुंबई
खास बात यह है कि मुंबई की टीम आईपीएल में 300 मैच पूरे करने वाली पहली टीम बनेगी. दूसरे नंबर पर आरसीबी है, जिसने 288 मैच खेले हैं, जबकि केकेआर इस लिस्ट में नंबर 3 पर है, जिसने 281 मैच खेले हैं. मुंबई इंडियंस की टीम पिछले 18 सीजन से लगातार खेल रही है. इस टीम ने 5 खिताब जीते हैं, जो 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आए थे. सभी खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में जीते गए हैं.