व्यापार

Jio, Airtel समेत प्राइवेट मोबाइल कंपनियों को तगड़ा झटका, बीते 15 दिन में BSNL से जुड़े 15 लाख ग्राहक

 जुलाई से निजी मोबाइल कंपनियों के टैरिफ में 25 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की ओर ग्राहक लौट रहे हैं। दो दशक पहले भारतीय दूरसंचार बाजार में 18 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाली बीएसएनएल की मौजूदा हिस्सेदारी अब घटकर 2.5 फीसदी से भी कम रह गई है।



मई में इसने 15 हजार नए ग्राहक जोड़े थे, जबकि जून में इसने 58 हजार खोए थे। हालांकि, अब स्थिति बदल रही है। जुलाई के पहले 15 दिनों में कंपनी ने 15 लाख से ज्यादा ग्राहक जोड़े हैं। पिछले 8 साल में इसने 7 करोड़ (76 फीसदी) ग्राहक खोए थे। अब 15 दिनों में 6.34 फीसदी नए ग्राहक जुड़े हैं।


सेवाओं में सुधार का फायदा
दूरसंचार विशेषज्ञ पंकज महेंद्रू ने बताया कि बीएसएनएल ने 25 हजार से ज्यादा टावर अपग्रेड किए हैं। इसके अलावा 20 हजार नए टावर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। इससे सेवाओं में सुधार हुआ है। नतीजतन, नए ग्राहक तेजी से बढ़ने लगे हैं। लेकिन डेटा स्पीड, वॉयस क्वालिटी, कवरेज एरिया के मामले में सरकारी कंपनी अभी भी निजी कंपनियों के मुकाबले काफी कमजोर है।

निजी कंपनियों से मुकाबला करने के लिए अभी भी लंबा सफर तय करना है। अगस्त से देशभर में 4जी सेवा शुरू करेगी बीएसएनएल इस साल अगस्त से देशभर में 4जी सेवा शुरू करेगी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने 6 मई को एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।

एजेंसी के मुताबिक, बीएसएनएल की यह सेवा पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित होगी। इस स्वदेशी तकनीक को आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और दूरसंचार शोध संगठन सी-डॉट के साथ साझेदारी में एक कंसोर्टियम ने विकसित किया है।

इसका इस्तेमाल करते हुए बीएसएनएल ने पंजाब में 4जी सेवा शुरू की है. करीब 8 लाख ग्राहक भी जोड़े हैं। पीटीआई के अनुसार, बीएसएनएल अधिकारियों ने 4जी नेटवर्क पर अधिकतम 40-45 मेगाबिट प्रति सेकंड की गति का दावा किया है, जिसे पायलट चरण के दौरान 700 मेगाहर्ट्ज (मेगाहर्ट्ज) के प्रीमियम स्पेक्ट्रम बैंड के साथ-साथ 2,100 मेगाहर्ट्ज बैंड में लॉन्च किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image