"दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे: कोचों में सीसीटीवी कैमरों का प्रावधान, यात्रियों की सुरक्षा में नई पहल"
रायपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा के साथ बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. यात्रियों की सुरक्षा व सुरक्षा, ट्रेनों में अपराध की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधि का पता लगाने और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखकर ट्रेनों के कोच में क्लोज सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरे का प्रावधान किया जा रहा है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 110 एलएचबी कोच, 72 ईएमयू के कोच और 08 डेमू कोच में क्लोज सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) कैमरे लगाए गए हैं. इससे यात्रियों का सफर सुरक्षित होगा. साथ ही आरामदायक यात्रा अनुभव के साथ सुरक्षा के प्रति आश्वस्त होगा. ट्रेनों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त होने पर इन कैमरों की मदद से डाटा को डाउनलोड कर उनका विश्लेषण कर आगे की कार्रवाई की जा सकेगी.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत यात्री ट्रेनों में बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर, वंदे भारत एक्सप्रेस, दुर्ग-निज़ामुद्दीन-दुर्ग, हमसफर एक्स्प्रेस के 22 कोच, कोरबा-अमृतसर-कोरबा, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के 38 कोच, बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस के 13 कोच, बिलासपुर-पुणे व बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस के 06 कोच, बिलासपुर-पटना व बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के 04 कोच, दुर्ग-निज़ामुद्दीन, संपर्कक्रांति व दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस के 16 कोच सहित 11 स्पेयर कोच शामिल है.