छत्तीसगढ़ /

पारंपरिक वैद्यों के ज्ञान का होगा दस्तावेजीकरण, औषधीय पौधों के संरक्षण व संवर्धन पर जोर

आज भी दुनिया की 80 फीसदी जनता प्राचीन उपचार पद्धतियों से चिकित्सा करा रही है- वन मंत्री छत्तीसगढ़ संवाददाता कोण्डागांव, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा कोण्डागांव स्थित ऑडिटोरियम में पारंपरिक वैद्य स्वैच्छिक प्रमाणन अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वन जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परम्परा औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने अध्यक्षता की, वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी और औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के 309 पारंपरिक वैद्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके पारंपरिक ज्ञान, अनुभव और सेवाभाव का सम्मान किया गया। वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि पारंपरिक वैद्यों को प्रमाण पत्र प्रदान करना अत्यंत हर्ष का विषय है। हमारी जड़ें जितनी मजबूत होंगी, हमारी संस्कृति और परंपराएं उतनी ही समृद्ध होंगी।उन्होंने कहा कि आज भी दुनिया की 80 फीसदी जनता प्राचीन उपचार पद्धतियों से चिकित्सा करा रही है। उन्होंने पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को पीढिय़ों से सहेजकर रखने वाले वैद्यराजों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले वैद्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वन मंत्री ने कहा कि पारंपरिक वैद्यों का ज्ञान प्राकृतिक अनुभवों, वनस्पतियों की पहचान और पीढिय़ों से अर्जित समझ पर आधारित है। यह ऐसा ज्ञान है, जिसे केवल औपचारिक शिक्षा और डिग्रियों से प्राप्त नहीं किया जा सकता। आवश्यकता इस बात की है कि वैद्यराजों के अनुभवों और औषधीय वनस्पतियों से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित कर उसका दस्तावेजीकरण किया जाए, ताकि यह ज्ञान आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि हमारे आसपास उपलब्ध अनेक पेड़-पौधों, फल-फूलों, जड़ों और वन उत्पादों में उपयोगी गुण हैं। पहले ग्रामीण जीवन में इनका उपयोग खान-पान और पारंपरिक उपचार में सहज रूप से किया जाता था, लेकिन बदलती जीवनशैली के कारण इनसे दूरी बढ़ती जा रही है। आज आवश्यकता है कि हम अपने पारंपरिक खान-पान और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को फिर से पहचानें तथा उनके वैज्ञानिक अध्ययन और उचित उपयोग को प्रोत्साहित करें। श्री कश्यप ने कहा कि कोदो, कुटकी, रागी और अन्य पारंपरिक मोटे अनाज हमारी खाद्य संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। आज इनके महत्व को व्यापक रूप से स्वीकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर जा रहा है। वन मंत्री ने पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण के साथ उसके आजीविका संवर्धन की संभावनाओं पर भी जोर दिया। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में पारंपरिक वैद्यों के प्रमाणन और उनके ज्ञान के दस्तावेजीकरण की दिशा में पहल की गई है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में पारंपरिक वैद्यराजों की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचान मिले तथा उनके अनुभव और सेवाओं को उचित प्रोत्साहन प्रदान किया जाए। श्री मरकाम ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न वन मंडलों और जिलों में बैठकें आयोजित कर पारंपरिक वैद्यों से संवाद किया गया। इन बैठकों में वैद्यराजों के अनुभवों, उनकी समस्याओं और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इसी प्रक्रिया के परिणामस्वरूप प्रमाणन के प्रथम चरण में 309 वैद्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड का लक्ष्य 31 मार्च 2027 तक प्रदेश के एक हजार पारंपरिक वैद्यों का प्रमाणन पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक वैद्यों के ज्ञान का दस्तावेजीकरण समय की आवश्यकता है। इस संबंध में हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से हुई मुलाकात का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने भी पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान और सेवा परंपरा को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने पर हम चिकित्सकों और वैद्यों को याद करते हैं। बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के लिए पारंपरिक ज्ञान, प्राकृतिक संसाधनों तथा संतुलित खान-पान के महत्व को समझना भी आवश्यक है। हमारे पूर्वजों ने अपने दैनिक जीवन और भोजन में स्थानीय अनाज, वन उपज तथा प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को स्थान दिया था। समय के साथ खान-पान की आदतों में बदलाव आया और हम अपनी अनेक परंपराओं से दूर होते चले गए। उन्होंने कहा कि आज मिलेट्स और पारंपरिक अनाज के पोषण संबंधी महत्व को फिर से पहचाना जा रहा है। कोदो, कुटकी और रागी जैसे अनाज हमारी परंपरा का हिस्सा रहे हैं, लेकिन आधुनिक खान-पान की आदतों के कारण इनका उपयोग कम होता गया। आवश्यकता है कि इन पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में फिर से स्थान दिया जाए और इनके उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए। बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री शुक्ला ने सरकार द्वारा पारंपरिक एवं आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के संरक्षण, वैद्यराजों के कल्याण तथा उनके ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करने के लिए वैद्यराजों की पहचान, प्रमाणन और उनके अनुभवों के संरक्षण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, अश्वनी पाण्डेय, प्रवीण सांखला, सोनामणि पोयाम, जे.सी.एस. राव, चूड़ामणि सिंह, सीटीटीसी के डायरेक्टर मोहन नायर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पारंपरिक वैद्य उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image