छत्तीसगढ़ /

पुलिस का पैदल मार्च, अव्यवस्थित पार्किंग पर चालानी कार्रवाई

दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाने हिदायत छत्तीसगढ़ संवाददाता अंबिकापुर, 24 नवंबर। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने मंगलवार को सघन पैदल मार्च किया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कोतवाली थाना और यातायात शाखा की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुकानों के मुख्य द्वार, परिसर के भीतर और सडक़ की ओर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की समझाइश दी। साथ ही कैमरों को हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकें। इस दौरान मुख्य मार्गों और व्यावसायिक क्षेत्रों में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होने पर पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई। वहीं दुकानदारों को अपना सामान दुकान के बाहर सडक़, नाली और फुटपाथ पर नहीं फैलाने की समझाइश दी गई, ताकि राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे। सरगुजा पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों को व्यवस्थित स्थान पर खड़ा करने तथा सडक़ और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के निरीक्षण और सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेंगे। पैदल मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक यातायात डीके सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, निरीक्षक सोमेश सिंह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त्य सहित कोतवाली और यातायात शाखा के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image