निजी गोदामों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मिला धान, जब्ती
|
24 Nov 2026
छत्तीसगढ़संवाददाता
महासमुंद, 24 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मद्देनजर महासमुंद जिले में धान के भंडारण और परिवहन की जांच की जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें 20 से 22 नवंबर तक जिले की विभिन्न तहसीलों में निरीक्षण कर धान जब्ती की कार्रवाई कर चुकी हैं।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को कोमाखान तहसील के ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन और चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे 600 कट्टा धान पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी और बरोण्डा बाजार का निरीक्षण किया गया। वहां धान के स्टैक तिरपाल से ढके मिले। समिति प्रबंधक को पर्याप्त तिरपाल रखने, उन्हें रस्सियों से बांधने और उपार्जन केंद्र में जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
महासमुंद तहसील के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल यानी 132 कट्टा धान जब्त किया गया।
21 नवंबर को सरायपाली तहसील के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। बसना तहसील के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा धान जब्त किया गया।
इसी दिन खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा धान का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन सहित धान को मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा धान मिलने पर मंडी विभाग ने कार्रवाई की।
एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा और मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। वहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। टीम ने मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया।
पिथौरा तहसील के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम का निरीक्षण किया। वहां रबी फसल का 300 पैकेट धान भंडारित मिला, जिस पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
22 नवंबर को कोमाखान तहसील के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से रबी फसल का 150 कट्टा धान जब्त किया गया। इसी तहसील के ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा धान जब्त किया गया।
ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में रबी फसल का 350 बोरा धान भंडारित मिला। इस मामले में भी मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सरायपाली तहसील के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा धान जब्त किया गया।-