27 फीसदी आरक्षण की मांग, पिछड़ा वर्ग समाज का शक्ति प्रदर्शन, 5 हजार लोग सडक़ पर उतरे
|
19 Nov 2026
रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बीजापुर, 18 नवंबर। बुधवार को 27 प्रतिशत आरक्षण, जातिगत जनगणना और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सहित विभिन्न संवैधानिक मांगों को लेकर बीजापुर में पिछड़ा वर्ग समाज ने जोरदार हुंकार भरी। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला इकाई के नेतृत्व में आयोजित विशाल रैली और एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में पांच हजार से अधिक समाजजन शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने जिला मुख्यालय में समाज की एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने अपने अधिकारों और मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। मिनी स्टेडियम से शुरू हुई रैली नया बस स्टैंड होते हुए कलेक्टर परिसर पहुंची, जहां जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को जनसंख्या के अनुपात में 27 प्रतिशत आरक्षण देने तथा आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई। इसके अलावा आगामी राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम निर्धारित कर जातिगत जनगणना कराने, पांचवीं अनुसूची और पेशा कानून के तहत उचित संवैधानिक एवं प्रशासनिक संरक्षण देने तथा आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
समाज के जिला अध्यक्ष दिनेश पुजारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी के विरोध में नहीं, बल्कि अपने हक और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। समाज को आबादी के अनुपात में आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
विधायक विक्रम मंडावी ने मांगों को सामाजिक न्याय से जुड़ा बताते हुए शासन से गंभीरता से विचार करने की अपील की। वहीं पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में पिछड़ा वर्ग को उचित अवसर देने की बात कही। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दिनेश पुजारी, कार्यकारी अध्यक्ष के. संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।