छत्तीसगढ़ /

एनएमडीसी स्थापना दिवस पर किरंदुल परियोजना को बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड

छत्तीसगढ़ संवाददाता बचेली / किरंदुल, 17 नवंबर। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) के 69वें स्थापना दिवस के अवसर पर दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा स्थित बैलाडीला आयरन ओर माइंस, किरंदुल परियोजना को प्रतिष्ठित एनएमडीसी सीएमडी अवार्ड बेस्ट प्रोजेक्ट से सम्मानित किया गया। हैदराबाद में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में एनएमडीसी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी ने किरंदुल परियोजना को यह पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार परियोजना के प्रमुख रविंद्र नारायण, एचआर प्रमुख सुधांशु वर्मा, उत्पादन महाप्रबंधक जेसी दास, श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि एके सिंह, नोमेश्वर राव, प्रदीप नामदेव, विनोद कश्यप ने प्राप्त किया। इस उपलब्धि से किरंदुल सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक किरंदुल शाखा के सचिव एवं ऑल इंडिया एनएमडीसी वर्कर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष ए.के. सिंह ने प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक विभाग या व्यक्ति का नहीं, बल्कि किरंदुल परियोजना से जुड़े प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक के अथक परिश्रम, समर्पण, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। ए.के. सिंह ने कहा कि 15 नवंबर 1958 को स्थापित कम्पनी की विकास यात्रा 4 मिलियन टन से बढक़र 53 मिलियन टन उत्पादन तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि है। इस सफर में बैलाडीला-किरंदुल परियोजना का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि किरंदुल परियोजना को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने श्रमिकों की एकता और प्रबंधन के साथ बेहतर तालमेल को संस्थान की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक संस्थान की असली ताकत वहां कार्यरत श्रमिक और कर्मचारी होते हैं। उत्पादन एवं विकास के साथ श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और कल्याण भी प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने समारोह में इंटक और एसकेएमएस दोनों श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त उपस्थिति को श्रमिक एकता और सकारात्मक औद्योगिक संबंधों का प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और विश्वास से ही संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। ए.के. सिंह ने किरंदुल परियोजना की विकास यात्रा में स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समाज का सहयोग और विश्वास एनएमडीसी की प्रगति का अहम आधार है। अंत में उन्होंने इस सम्मान को भविष्य के लिए नई जिम्मेदारी बताते हुए उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, श्रमिक कल्याण और स्थानीय विकास के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने एनएमडीसी के 69वें स्थापना दिवस एवं किरंदुल परियोजना को मिले बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड पर एक बार फिर सभी को शुभकामनाएं दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image