छत्तीसगढ़ /

राजधानी तालाब प्रदूषण, मर रही हैं मछलियां...

छत्तीसगढ़ संवाददाता रायपुर, 17 नवंबर। राजधानी के तालाब प्रदूषण की चपेट में हैं। शहर के सबसे पुराने तालाबों में शामिल महाराजबंद तालाब की स्थिति भी बदतर हो गई है। प्रतिमा विसर्जन और धार्मिक कचरे के कारण तालाब का पानी प्रदूषित हो रहा है। हालात इतने खराब हैं कि पानी में मछलियां तक मर रही हैं। तालाब से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि करीब चार साल पहले स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर महाराजबंद तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया था। तालाब के आसपास सडक़ और अन्य सुविधाएं भी विकसित की गई थीं। इसके बावजूद तालाब की सफाई और जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं हो पाए। अब प्रदूषण के चलते सौंदर्यीकरण पर किया गया खर्च भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रतिमा विसर्जन के बाद पूजन सामग्री, फूल-मालाएं और अन्य धार्मिक कचरा तालाब में जमा होता रहता है। इससे पानी की स्थिति लगातार खराब हो रही है। मछलियों की मौत और दुर्गंध से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक सफाई, प्रदूषण नियंत्रण और जल संरक्षण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image