चोरी की मोटर मशीनें खरीदने वाला कबाड़ी बंदी
|
17 Nov 2026
पूर्व में 4 आरोपी पकड़े जा चुके हैं
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कांकेर, 16 नवम्बर। ग्राम बेवरती स्थित गौठान शेड से मोटर मशीनों की चोरी के मामले में कांकेर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी की मशीनें खरीदने के आरोप में पुलिस ने अन्नपूर्णापारा निवासी कबाड़ी दुकान संचालक भविष्य सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उसके कब्जे से चोरी की गई चार मोटर मशीनें, जिनकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विष्णु राम नेताम ने ग्राम बेवरती के गौठान शेड से चार मोटर मशीनें चोरी होने की रिपोर्ट थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 331(4) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
जांच के दौरान चोरी की मोटर मशीनें कबाड़ी दुकान में बेचे जाने की जानकारी मिली। इस आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
पूछताछ एवं विवेचना में चोरी की मोटर मशीनें अन्नपूर्णापारा कांकेर स्थित कबाड़ी दुकान संचालक भविष्य सोनी द्वारा खरीदे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए तलब किया और उसके कब्जे से चारों चोरी की मोटर मशीनें बरामद कर गिरफ्तार कर लिया।