जब सरकारी रिकार्ड में मर चुकी हूं तो प्रमाण-पत्र ही दे दो-जेठिया
|
16 Nov 2026
मृत घोषित कर वृद्धा को राशन से किया वंचित
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बेमेतरा, 15 नवंबर। सरकारी सिस्टम की लापरवाही ने एक जीवित वृद्धा को कागजों में मृत घोषित कर दिया है। इसका खामियाजा ग्राम अंधियारखोर निवासी जेठिया बाई को भुगतना पड़ रहा है। पिछले 4 महीने से राशन के लिए भटक रहे वृद्धि को अब तक न तो चावल मिला और न ही उसकी समस्या का समाधान हो सका है। राशन दुकान से लेकर सरकारी दफ्तरों तक चक्कर काटने के बाद भी निराशा हाथ लगने पर उसने सीएम हेल्पलाइन में सीखा दर्ज कराई, लेकिन वहां से भी उसे समाधान के बजाय एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय जाने की सलाह मिलती रही।
वृद्धा के मुताबिक, जब वह अपना राशन कार्ड लेकर चावल लेने पहुंची तो उसे बताया गया कि सरकारी रिकार्ड में उसकी मृत्यु हो चुकी है। इसलिए अब राशन नहीं मिल सकता। उसे कथित तौर पर जन्म प्रमाण-पत्र लाने और पोर्टल खुलने के बाद सुधार लेने की बात कही गई।
इस पर नाराज जेठिया बाई ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकारी रिकार्ड में उसे मृत घोषित कर दिया गया है तो उसे मृत्यु प्रमाण-पत्र दे दिया जाय, ताकि वह लोगों को स्वर्ग में होने का प्रमाण-पत्र दिखा सके। वृद्धा का कहना है कि नवागढ़ और अंधियारखोर के बीच आते- जाते वह थक चुकी है।
राशन और धान खरीदी में गड़बड़ी का आरोप
इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी की जिलाध्यक्ष भारतीय गंधर्व ने भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति इरानी को पत्र लिखा है। उन्होंने उन्हें बेमेतरा जिले का दौरा कर जमीनी हकीकत देखने का न्यौता दिया है।
भारतीय गंधर्व का आरोप है कि राशन कार्ड से करीब 20 फीसदी लोगों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं। सुधार की प्रक्रिया में 3 से 4 महीने लग रहे हैं और इस दौरान वंचित परिवारों को बाद में छूटा हुआ राशन ही नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 20 फीसदी किसानों का रकबा कम कर दिया गया है। वहीं कई किसानों की फसल संबंधी प्रविष्टियां में भी बदलाव किया गया है। नवागढ़ तहसील कार्यालय में सुधार के लिए किसान लगातार भटक रहे हैं। उन्होंने इस स्मृति ईरानी से राजधानी में बैठकर जानकारी लेने के बजाय गांवों और सरकारी कार्यालयों का दौरा कर वास्तविक स्थिति देखने की अपील की है।
जांच कराने का आश्वासन
इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने कहा जेठिया बाई को राशन किस कारण से नहीं मिल रहा है, इसकी जांच कराता हूं।