पिटाई के बाद स्कूली छात्र को ले जाने की कोशिश, हडक़ंप
|
14 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 नवंबर। राजनांदगांव के स्टेट हाईस्कूल में एक छात्र की बेदम पिटाई करने की घटना के बाद स्कूल के ही छात्रों द्वारा कथित तौर पर उठाकर ले जाने का मामला सामने आने की घटना से हडक़ंप मच गया है। छात्र का कथित तौर पर अपहरण करने की खबर से पुलिस और स्कूल प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। मामले की जानकारी मिलने के फौरन बाद डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र को सकुशल बरामद किया। वहीं छात्र को पीटने और अपहरण की कोशिश करने की घटना में शामिल कुछ छात्रों को पूछताछ के लिए कोतवाली में हिरासत में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और पीडि़त छात्र नाबालिग हैं। इसी बात को लेकर छात्र को बेदम पीटा गया और उसके बाद 4-5 छात्रों ने उसे कथित तौर पर अगुवा कर लिया। इस संबध में छत्तीसगढ़ को डीएसपी श्री तिवारी ने बताया कि छात्रों की आपसी विवाद का मामला है। अगुवा करने वाली बात पूरी तरह से बेबुनियाद है। हालांकि उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि स्टेट हाईस्कूल में आज सुबह छात्र को अगुवा करने की खबर से सनसनी फैल गई। इसके बाद पुलिस के आला अफसर स्टेट हाईस्कूल पहुंचे। स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। छात्र के कथित अपहरण घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की । इसके बाद छात्र को सकुशल बरामद किया गया है। वहीं दोषी छात्रों को पूछताछ के लिए कोतवाली में ले जाया गया है।