छत्तीसगढ़ /

ज्वेलर्स दुकान में चोरी, नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 12 नवंबर। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स दुकान में चोरी करने वाले एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दुकान संचालिका ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 नवंबर की शाम लगभग 4.30 बजे उनकी दुकान पर कुछ महिलाएं और बच्चे आए थे। त्योहार के कारण दुकान में भीड़ थी। बाद में दुकान की दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स नहीं मिलने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस ने बताया कि तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की पहचान की गई। इसके बाद कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को पकडऩे के लिए तलाशी अभियान चलाया गया और पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर सोने के आभूषण, एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक विधि से संघर्षरत बालिका को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी, परमेश कश्यप सभी निवासी बस्तर हैं। जब्त सामग्री में 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण, एक स्कॉर्पियो, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल है।

Leave Your Comment

Click to reload image