पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में मना राष्ट्रीय एकता दिवस
|
04 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 3 नवंबर। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोंडागांव में भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री तथा लौह पुरुष के नाम से विख्यात सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रीय एकता के संकल्प से गूंज उठा।
विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर वासनिक ने सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात देश की 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता एवं कुशल नेतृत्व राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी राष्ट्रीय एकता विषय पर प्रेरणादायक एवं सारगर्भित भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव एवं देशभक्ति का संदेश दिया गया।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।