फार्म हाउस का ताला तोड़ एक क्विंटल लाख चोरी, 2 बंदी
|
03 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कांकेर, 2 नवंबर। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के चावड़ी स्थित एक फार्म हाउस का ताला तोडक़र कुसमी लाख चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 98 किलो धुली हुई कुसमी लाख बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, टूटा हुआ ताला और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बारगरी निवासी बुद्धदेव नायक ने थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अक्टूबर 2026 को जब वह चावड़ी स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचा, तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे के अंदर रखी करीब एक क्विंटल धुली हुई कुसमी लाख, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये थी, गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(5), 305(ए), 324(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर चावड़ी निवासी देवराज माहला और टिकेश्वर माहला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने फार्म हाउस से धुली हुई कुसमी लाख की दो बोरियां चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।