उमावि खड़पड़ी में हर्षोल्लास से मना राष्ट्रीय एकता दिवस
|
02 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 1 नवंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी, जिला कोंडागांव के तत्वावधान में तथा भारती प्रधान, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कोंडागांव के निर्देशन में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नीलम सिंह ठाकुर, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। यह दिवस भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उनका जन्म 31 अक्टूबर 1875 को हुआ था। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात देश की 565 से अधिक रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल ने ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व से भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार मिला। राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह दिवस समर्पित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजमन कश्यप, संकुल समन्वयक ने कहा कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2014 में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी।