छत्तीसगढ़ /

नवीन तकनीकों से किसान बने मजबूत- विधायक

किसानों के खातों में पहुंची पीएम सम्मान निधि छत्तीसगढ़ संवाददाता दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर। कृषि विज्ञान केंद्र गीदम दंतेवाड़ा में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) योजनांतर्गत जिला स्तरीय वृहद किसान मेले का गरिमामय आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त जारी होने तथा कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे हेतु आयोजित हुआ। जिसमें जिले के दूरस्थ अंचलों से आए हजार से अधिक किसानों ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक चैतराम अटामी एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों एवं विशाल कृषक समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त जारी किए जाने तथा उनके संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा दंतेवाड़ा जिले के 17 हजार से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की किश्त सीधे डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। समारोह को संबोधित करते हुए श्री अटामी ने स्वयं द्वारा की जा रही खेती के जमीनी अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि कृषि एक अत्यंत सम्मानजनक और लाभप्रद व्यवसाय है। युवाओं को इससे प्रेरणा लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे आना चाहिए। शासन की मंशा अंतिम छोर के किसान को सशक्त बनाने की है, अत: कृषक नवाचार, आधुनिक तकनीक और शासकीय अनुदानों का बेहतर समन्वय कर अपनी आमदनी में सतत वृद्धि करें। अध्यक्षनंदलाल मुड़ामी ने किसानों को संबोधित करते हुए रागी, कोदो एवं कुटकी जैसे पोषक मोटे अनाजों के रकबे को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने जिले के सफल कृषकों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए शासन द्वारा मिलेट्स पर दी जा रही इनपुट सब्सिडी व उपार्जन व्यवस्था की जानकारी दी । और किसानों से इन जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विशेष तकनीकी सत्र आयोजित हुए। कृषि वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, रासायनिक खाद व कीटनाशकों के अनियंत्रित उपयोग को रोकने तथा जीवामृत, वर्मी कम्पोस्ट व प्राकृतिक घटकों के प्रयोग पर विस्तृत व्याख्यान दिए गए। साथ ही किसानों को आदान सामग्री (कृषि इनपुट्स) वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। समारोह स्थल पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, भूमगादी एफपीओ तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) द्वारा भव्य विकास प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से उन्नत बीजों, उन्नत कृषि यंत्रों, मत्स्य व पशुधन प्रबंधन और विभागीय योजनाओं की तकनीकी जानकारी दी गई। बिहान महिला समूहों एवं भूमगादी एफपीओ द्वारा स्थानीय जैविक उत्पादों, लघु वनोपज सामग्रियों और हस्तशिल्प का प्रभावशाली प्रदर्शन व विक्रय किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम और ममता मंडावी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image