छत्तीसगढ़ /

पूर्वी जोन अंतरविश्वविद्यालयीन पुरुष वॉलीबॉल स्पर्धा में भाग लेने प्रकाश दुग्गा कोलकाता रवाना

छत्तीसगढ़ संवाददाता कोंडागांव, 27 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के प्रतिभावान वॉलीबॉल खिलाड़ी प्रकाश दुग्गा पूर्वी जोन अंतरविश्वविद्यालयीन पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोलकाता रवाना हुए। यह प्रतियोगिता 27 से 30 अक्टूबर तक अदमास विश्वविद्यालय, कोलकाता में आयोजित की जा रही है, जिसमें पूर्वी जोन के लगभग 40 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रकाश दुग्गा का अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता के लिए चयन महाविद्यालय एवं शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल कौशल एवं निरंतर मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता में वे पूर्वी जोन के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभावान खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में क्रीड़ा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्रारंभ से ही नियमित प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी का सकारात्मक परिणाम है कि महाविद्यालय के विद्यार्थी राज्य स्तरीय एवं अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व कोहका, तिल्दा में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के सभी 12 सेक्टरों की टीमों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में कांकेर एवं बस्तर सेक्टर की टीमों के खिलाडिय़ों के प्रदर्शन के आधार पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर, बस्तर की टीम का गठन किया गया। इसी चयन प्रक्रिया के माध्यम से प्रकाश दुग्गा को अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रकाश दुग्गा के चयन एवं प्रतियोगिता में सहभागिता को लेकर महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय की प्राचार्य, क्रीड़ा विभाग, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image