छत्तीसगढ़ /

दंतेश्वरी देवी की डोली-छत्र पहुंची दंतेवाड़ा

छत्तीसगढ़ संवाददाता दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर। बस्तर आराध्य देवी दन्तेश्वरी की डोली एवं छत्र दंतेवाड़ा लौटी। इस दौरान जन समुदाय द्वारा फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया। भक्तों ने गाजे - बाजे के साथ देवी का अभिनंदन किया। इस पावन परंपरा के अंतर्गत माँ दन्तेश्वरी की डोली एवं छत्र का दंतेवाड़ा के आँवराभाटा स्थित जिया डेरा में आगमन हुआ। इसके पश्चात बुधवार को दन्तेश्वरी मंदिर में विधि-विधान, पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ माता रानी की डोली एवं छत्र को मंदिर में प्रवेश कराया गया। ज्ञात हो कि विश्व प्रसिद्ध 75 दिवसीय बस्तर दशहरा पर्व के जगदलपुर में विधिवत् समापन के पश्चात प्रतिवर्ष दंतेश्वरी देवी की डोली दंतेवाड़ा स्थित मंदिर में पहुंचती है। इस मौके पर विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, जनपद पंचायत सदस्य रामू राम नेताम, कमला नाग, प्रमुख पुजारी, सेवादार और श्रद्धालु जन बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image