बाहरी राज्यों के हार्वेस्टरों पर रोक लगाने की मांग, कलेक्टर - एसपी को ज्ञापन
|
30 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 अक्टूबर। धान कटाई के सीजन में बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले हार्वेस्टरों पर रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को हार्वेस्टर यूनियन संघ के पदाधिकारी और सदस्य कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों के हितों की रक्षा करने की मांग की। इसके साथ ही संघ ने पुलिस अधीक्षक और किसान संघ कोण्डागांव को भी पत्र सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
हार्वेस्टर संघ के जिला संरक्षक देवलाल सोनवंशी ने बताया कि स्थानीय संचालकों ने 30 से 40 लाख रुपये तक का निवेश कर हार्वेस्टर खरीदे हैं। कई संचालकों ने इसके लिए बैंक से कर्ज भी लिया है। इसके बावजूद ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से हार्वेस्टर आने के कारण स्थानीय संचालकों को पर्याप्त काम नहीं मिल पा रहा है। बाहरी हार्वेस्टर कम दरों पर धान कटाई का काम करते हैं, जिससे स्थानीय संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
संघ ने मांग की है कि कोण्डागांव जिले में धान कटाई का काम केवल कोण्डागांव, नारायणपुर और बस्तर जिले के हार्वेस्टरों से कराया जाए तथा छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाले हार्वेस्टरों के संचालन पर नियमानुसार रोक लगाने की कार्रवाई की जाए।
संघ का कहना है कि इससे स्थानीय संचालकों को काम मिलेगा और उनकी आजीविका सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।