छत्तीसगढ़ /

ओडिशा-कोटपाड़ में 27 गायें सुरक्षित बचाई गईं, 9 क्विंटल गौमांस बरामद

छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 29 अक्टूबर। ओडिशा के कोटपाड़ क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई के तहत कत्लखाने से 27 गायों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि मौके से लगभग 9 क्विंटल गौमांस भी बरामद किया गया है। बचाई गई गायों में से 19 गायों को बस्तर जिले के कुरंदी स्थित हैप्पी कामधेनु गौशाला और शेष 8 गायों को कोटपाड़ के स्थानीय गौपालकों को सौंपा गया है। बस्तर जिले के गौ सेवकों द्वारा ओडिशा के विधायक रूपु भतरा से मिलकर गौवंश की सुरक्षा का विषय उठाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई। गौ सेवकों ने इस मामले के तार छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक जुड़े होने की आशंका जताते हुए गौमांस तस्करी के संभावित नेटवर्क और परिवहन मार्गों की व्यापक जांच की मांग की है। गौ सेवक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि 27 गायों का बचाया जाना राहत की बात है, लेकिन 9 क्विंटल गौमांस की बरामदगी इस मामले की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने पूरे नेटवर्क, परिवहन रास्तों और बिक्री के ठिकानों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की। गौ सेवक रोहन घोष नेे ओडिशा में कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि एजेंसियों को मामले की तह तक जाकर यह पता लगाना चाहिए कि गौमांस का स्रोत क्या था और इसका परिवहन किन रास्तों से हो रहा था। उन्होंने कहा कि बस्तर और ओडिशा के गौ सेवक आपसी समन्वय से गौवंश संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक पनपलिया ने कोटपाड़ में गौवंश बचाने और गौमांस बरामदगी के लिए विधायक रूपु भतरा तथा पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image