कापसी-पखांजूर मार्ग पर अंधा मोड़ और झाडिय़ों से ढकी पुलिया, हो रहे हादसे
|
31 Oct 2026
पखांजूर, 30 अक्टूबर। कापसी-पखांजूर मुख्य मार्ग पर पीवी 130 के पास स्थित मोड़ और पुलिया के आसपास उगी झाडिय़ों के कारण आवागमन में कठिनाई हो रही है। झाडिय़ों से मार्ग ढके होने की वजह से वाहन चालकों को मोड़ और पुलिया स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर स्थिति के बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा न तो पुलिया के पास बैरिकेड्स लगाए गए हैं और न ही किसी तरह का कोई चेतावनी बोर्ड (सूचना पट्ट) लगाया गया है। इस अंधे मोड़ और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के अभाव के चलते यहाँ पहले भी कई सडक़ हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए हैं।
राहगीरों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। रात के समय दृश्यता कम होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निवासियों ने विभाग से झाडिय़ों की सफाई और सुरक्षा के लिए संकेत बोर्ड लगाने की मांग की है।