बचेली में गेट निर्माण को लेकर फिर गरमाया विवाद
|
02 Nov 2026
विधायक बोले- जनता की सहमति और सुविधाओं को नजरअंदाज कर एकतरफा निर्णय लेना उचित नहीं
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 1 नवंबर। एनएमडीसी बचेली टाउनशिप में सुरक्षा के नाम पर विभिन्न स्थानों पर गेट लगाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप निर्माणाधीन गेट को लेकर हुए विवाद और उसे हटाए जाने के बाद अब हॉकी मैदान के पीछे, फुटबॉल मैदान के सामने स्थित मार्ग पर नए गेट का निर्माण शुरू किए जाने से एक बार फिर नगर में विरोध के स्वर उठने लगे हैं।
शनिवार को नए स्थान पर गेट लगाए जाने की जानकारी मिलते ही नगरवासी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस दौरान दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ चर्चा की।
गौरतलब है कि इससे पहले डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप इंटक भवन और स्कूल की दीवार के बीच से गुजरने वाले मार्ग पर एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा करीब 15 फीट ऊंचे गेट का निर्माण कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों और नगर पालिका जनप्रतिनिधियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए आवागमन प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की थी। इसके बाद नगर पालिका की कार्रवाई में निर्माणाधीन गेट को जेसीबी से हटाया गया था। इस घटना के बाद एनएमडीसी प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गेट हटाए जाने पर चिंता जताई थी और इसे टाउनशिप की सुरक्षा से जुड़ा विषय बताया था।
अब उसी विवाद के बीच दूसरे स्थान पर गेट निर्माण शुरू होने से मामला फिर चर्चा में आ गया है। मौके पर पहुंचे विधायक चैतराम अटामी ने एनएमडीसी प्रबंधन पर आक्रोशित होकर कहा कि किसी भी व्यवस्था को लागू करने से पहले आम जनता की सुविधाओं और उनकी राय को महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहमति और उनकी समस्याओं पर समुचित विचार किए बिना एकतरफा निर्णय लेना उचित नहीं है।
जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग से आसपास के वार्डों के नागरिकों, बच्चों और अन्य लोगों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में गेट लगाए जाने से दैनिक आवाजाही प्रभावित होने के साथ स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने भी इस विषय पर सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराते हुए आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
इस दौरान एसडीएम राजीव कुजुर, तहसीलदार महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल, उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले, पालिका सीएमओ पीटीएम कृष्णाराव, थाना प्रभारी अर्जुन पटेल व अन्य के साथ ही एनएमडीसी के अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
वहीं, एनएमडीसी प्रबंधन का पक्ष है कि टाउनशिप में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से गेट लगाए जा रहे हैं। प्रबंधन के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में गेट खुले रहेंगे और कुछ विशेष परिस्थितियों में ही उन्हें बंद किया जाएगा।
हालांकि विधायक के कहने के पश्चात हॉकी मैदान के पीछे बनाये जा रहे नये गेट को हटा दिया गया है।