छत्तीसगढ़ /

काले कपड़े पहन पटवारियों का प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालय पहुंच सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ संवाददाता कोण्डागांव, 1 नवंबर। राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव के डीएनके मैदान में पटवारियों ने काले कपड़े पहनकर धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद रैली के रूप में अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ पीवी ऐप के माध्यम से फसल प्रविष्टि कराने की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने, जिले में नए सिरे से राजस्व सर्वेक्षण कराने, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहा है। संघ का कहना है कि मांगों का निराकरण नहीं होने से पटवारियों के साथ किसानों को भी परेशानी हो रही है। राजस्व पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष विष्णु मरकाम ने बताया कि पटवारियों की प्रमुख मांग पीवी ऐप को हटाकर पूर्व की तरह भुइयां पोर्टल में फसल प्रविष्टि का विकल्प उपलब्ध कराना है, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कोण्डागांव जिले में वर्ष 1924-25 के बाद से राजस्व सर्वेक्षण संबंधी कार्य नहीं होने के कारण वर्तमान स्थिति और राजस्व अभिलेखों में अंतर है। ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार नए सिरे से सर्वेक्षण कराकर पटवारियों को अद्यतन अभिलेख उपलब्ध कराए जाने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने पटवारियों की वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग की। मरकाम के अनुसार, पटवारी सेवा में नियुक्त होने के बाद कई कर्मचारी बिना पदोन्नति के उसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। संघ चाहता है कि अन्य कर्मचारियों की तरह पटवारियों को भी समय पर पदोन्नति का लाभ मिले और वेतन विसंगति का जल्द निराकरण किया जाए। उन्होंने बताया कि आगे के आंदोलन को लेकर प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार रणनीति बनाई जाएगी। आगामी 4 नवंबर को कांकेर में संभागभर के पटवारियों के एकत्रित होने की योजना है, जहां निलंबित पटवारी साथियों पर की गई कार्रवाई के विरोध में नाराजगी जताई जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image