ठूंस-ठूंसकर वाहनों से मवेशी तस्करी, 12 जीवित, 1 मृत, 2 आरोपी बंदी
|
02 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
धमतरी, 1 नवंबर। धमतरी जिले के थाना मगरलोड पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 गौवंशों को बरामद किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
थाना मगरलोड पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दो चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े हैं। मौके पर जांच करने पर एक बिना नंबर प्लेट की टाटा योद्धा वाहन में 7 गौवंश और एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन में 6 गौवंश मिले। दोनों वाहनों में कुल 13 गौवंशों को क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंसकर भरा गया था। परिवहन के दौरान दम घुटने और दुर्घटना के कारण एक बछड़े की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
पशु चिकित्सक से मौके पर ही 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा मृत बछड़े का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद सभी 12 जीवित गौवंशों को गुरु गायत्री गौशाला समिति, ग्राम हाथबाय (जिला गरियाबंद) में सुरक्षित रूप से पुनर्वासित किया गया।
वाहन दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों मधु शंकर लहरे, अजय बंजारे दोनों निवासी पाईकभांठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया है।
जब्त सामग्री में टाटा योद्धा 1700 वाहन (कीमत लगभग 3,00,000 रुपये), बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन (कीमत लगभग 3,00,000 रुपये) हैं। कुल 13 गौवंश
आरोपियों के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 4, 6, 10 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।