अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण- केदार कश्यप
|
04 Nov 2026
कांकेर में हर्षोल्लास से मना राज्योत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कांकेर, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को कांकेर जिले में राज्योत्सव-2026 हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पीएमश्री शासकीय नरहरदेव स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। राज्य गठन के बाद प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कभी एक जिले के रूप में पहचाना जाने वाला बस्तर संभाग आज सात जिलों में विभाजित हो चुका है। पहले दूरस्थ क्षेत्रों में सडक़ और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सडक़, पुल-पुलियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद प्रदेश ने निरंतर विकास किया है। पहले कांकेर क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों और अन्य आवश्यकताओं के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाना पड़ता था, लेकिन जिला बनने के बाद प्रशासनिक एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन और जनधन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए फैसलों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सभी को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढऩा होगा।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन प्रदेशवासियों के लंबे संघर्ष, जनभावनाओं और अलग पहचान के सपने का परिणाम था। राज्य गठन के बाद प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कांकेर जिले में भी सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है। दूरस्थ क्षेत्रों तक सडक़ एवं शासकीय सेवाओं की पहुंच बढ़ी है तथा ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देना होगा।
समारोह के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, महेश जैन, दिलीप जायसवाल, राजा पाण्डेय, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, राजा देवनानी, हलधर साहू, टीकेश्वर जैन, कांकेर डीएफओ संदीप बलगा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर भागवत जायसवाल, एसडीएम सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।