छत्तीसगढ़ /

राधाकृष्ण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव

नवापारा-राजिम, 12 नवंबर। नगर के गांधी चौक के पास स्थित प्राचीन राधाकृष्ण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मंदिर का निर्माण सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार द्वारा लगभग 100 वर्ष पूर्व कराया गया था। मंदिर में राधा-कृष्ण के साथ भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ, सुभद्रा मैया, मां दुर्गा, शिव परिवार, हनुमान जी और अग्रसेन महाराज के विग्रह स्थापित हैं। यहां वर्षभर विभिन्न उत्सव मनाए जाते हैं, जिनमें अन्नकूट महोत्सव प्रमुख है। महोत्सव के अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग में मीठे, नमकीन, तीखे, खट्टे-मीठे व्यंजन, चिप्स, ड्राईफ्रूट, पूड़ी, चावल और दाल सहित विभिन्न पकवान शामिल रहे। इस दौरान भगवान को नए वस्त्र धारण कराए गए और भजन-कीर्तन के बाद आरती संपन्न हुई। छप्पन भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार के वंशजों और सहयोगियों ने भोग तैयार करने में अपनी सेवाएं दीं। इनमें मंदिर के सर्वराकार मोहन अग्रवाल, गोपाल, गिरधारी अग्रवाल, अभिषेक, नयन, प्रती, चलबुल, रवि अग्रवाल, घर की महिलाएं, संतोष अग्रवाल, टिल्लू शर्मा और कमलेश जैन शामिल रहे। इसके अलावा, सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा समिति के संस्थापक राजू काबरा के निर्देशन और अध्यक्ष तारणी शर्मा के नेतृत्व में सदस्यों ने प्रसाद वितरण में सहयोग किया। समिति के अनुसार, शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक चले इस आयोजन में लगभग 3 हजार लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image