गांजा और पिस्टल संग तस्कर बंदी
|
13 Nov 2026
छत्तीसगढ़संवाददाता
भिलाई नगर, 13 नवंबर। पद्मनाभपुर पुलिस ने उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 630 ग्राम गांजा, एक देसी पिस्टल, नकदी और एक्टिवा सहित करीब 2 लाख 27 हजार 500 रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उरला बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा (26), निवासी कुंदरापारा, पोटियाकला (दुर्ग) बताया।
बोरी में मिला गांजा और कमर में पिस्टल
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद एक सफेद बोरी से 3 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल (मय मैगजीन), गांजा बिक्री की रकम 17 हजार 500 रुपये और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन सीजी 07 बीवाय 5096 भी जब्त किया है।
पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 27(क) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर 12 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।