तालाब से विसर्जित मूर्तियों के अवशेष निकालने अभियान
|
05 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर के तालाबों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 6 स्थित संजय नगर तालाब में विशेष सफाई कार्य कराया जा रहा है। टीम के कर्मचारी तालाब में विसर्जित की गई मूर्तियों के अवशेषों को बाहर निकालने का कार्य कर रहे हैं, ताकि तालाब में जमा होने वाले अपशिष्ट पदार्थों को समय रहते हटाया जा सके।
त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा तालाबों में मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है।
विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेष एवं पूजन सामग्री तालाब में रह जाती है, जिससे जल की स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संजय नगर तालाब में सफाई अभियान चलाकर मूर्तियों के अवशेषों को बाहर निकाला जा रहा है। साथ ही तालाब में जमा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को भी हटाने का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें।
मूर्तियों के विसर्जन के बाद शेष सामग्री को तालाबों में न छोड़ें तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उसका उचित निपटान करें। तालाबों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।