छत्तीसगढ़ /

कुष्ठ अस्पताल का कारोबारी इस्तेमाल, अवैध निर्माण प्रशासन ने ढहाया

छत्तीसगढ़ संवाददाता राजनांदगांव, 14 नवंबर। शहर के बसंतपुर स्थित वेसलियन लेप्रोसी केयर हास्पिटल कैम्पस में शनिवार को प्रशासन ने नियम विरूद्ध निर्माण करने पर बुलडोजर चलाते हुए कई अवैध निर्माण को ढहा दिया। प्रशासन का आरोप है कि संस्था ने लीज पर मिली जमीन का व्यवसायिक उपयोग किया है। प्रशासन की ओर से मौजूद एसडीएम गौतम पाटिल ने आरोप लगाया कि संस्था के द्वारा नियम-शर्तों का उल्लंघन करते हुए खेती, मछली पालन एवं लोगों से आवास के एवज में किराया वसूलने का आरोप है। शिकायत मिलने पर जांच पश्चात प्रशासन ने अवैध निर्माण को गिरा दिया। गौरतलब है कि वेसलियन लेप्रोसी हास्पिटल में देशभर के कुष्ट पीडि़त मरीजों का उपचार होता रहा है। सेवाभाव के उद्देश्य से प्रशासन ने संस्था को लीज पर जमीन उपलब्ध कराई थी। हाल ही में संस्था के पदाधिकारियों पर लीज की जमीन का व्यवसायिक करण का आरोप लगाकर बसंतपुर क्षेत्र के लोगों ने शिकायत की थी। शनिवार को प्रशासन ने शिकायत मिलने और जांच के बाद वेसलियन लेप्रोसी केयर हास्पिटल में बने अवैध निर्माण को ढहाने का अभियान शुरू किया। एसडीएम गौतम पाटिल ने कहा कि बसंतपुर में लेप्रोसी केयर सेंटर के नाम से शासकीय भूमि लीज में प्रदान की गई थी कुष्ठ रोगियों के इलाज के लिए, परंतु संस्था द्वारा प्लीज की सभी शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था। कृषि भूमि को लीज में दिया जा रहा था, मछली पालन के लिए किराए में दिया जा रहा था, लोगों को रहने के लिए किराए में दिया जा रहा था, जानवरों को रखने के लिए भी किराए में दिया जा रहा था। इसी को देखते हुए कलेक्टर ने लीज को निरस्त कर दिया और सभी भूमि को शासकीय घोषित कर दिया गया है। इस आदेश के परिपालन में शासकीय भूमि पर जो भी अवैध निर्माण है उसे हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image