छत्तीसगढ़ /

शादी की तैयारियों के बीच सडक़ हादसे में दूल्हे की मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता राजनांदगांव, 14 नवंबर। शहर के लेबर कॉलोनी के मेहरा परिवार में इकलौते पुत्र की शादी की तैयारी के बीच उस वक्त मातम छा गया, जब बेटे की सडक़ हादसे में मौत हो गई । इस घटना से माता-पिता की बेटे को सिर सेहरा बांधते देखने की हसरत अधूरी रह गई। सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक मेहरा के घर हुई इस घटना ने परिवार को तोडक़र रख दिया है। बताया गया कि आगामी 23 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त शिक्षक के पुत्र का विवाह का कार्यक्रम प्रस्तावित था। मिली जानकारी के अनुसार 12 नवंबर की रात लेबर कालोनी निवासी सौरभ मेहरा 29 वर्ष रेल्वे ओवरब्रिज में तेज रफ्तार बाइक में सवार होकर डिवाईडर से टकराया। इस घटना में सौरभ को गंभीर चोट पहुंची और उसे मेडिकल कॉलेज हास्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते रायपुर रिफर किया गया। रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूत्रों का कहना है कि सौरभ अपनी मोटर साइकिल से किसी रिश्तेदार के घर मुलाकात करने जा रहा था। इसी दौरान रेल्वे ओवरब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाईडर से टकरा गई। हादसे में सौरभ के सिर में गंभीर चोट पहुंची थी। सौरभ मेहरा सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक मेहरा के पुत्र की मौत खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि सौरभ और उसकी एक बहन अपने माता-पिता के साथ रह रहे थे। इकलौते पुत्र के निधन से परिवार में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि सौरभ मेहरा का विवाह तय हो चुका था और आगामी 23 जनवरी को उसकी शादी होनी थी। इसे लेकर परिजन तैयारी में जुटे थे, लेकिन शादी की खुशियां सडक़ हादसे ने छीन ली। सौरभ के असमय सडक़ हादसे में मौत से परिवार की खुशियां छीनकर मातम में पसर गई। इधर 14 नवंबर को दोपहर सौरभ की अंतिम यात्रा निज निवास लेबर कालोनी से लखोली मुक्तिधाम के लिए निकाली गई। जिसमें परिजनों और अन्य लोग शामिल हुए।

Leave Your Comment

Click to reload image