बस्तर फाइटर भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, सड़क पर उतरे युवा
|
14 Nov 2026
चक्काजाम के दौरान पुलिस से हुई झूमाझटकी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 13 नवम्बर। बस्तर के युवाओं के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है। बस्तर फाइटर भर्ती में स्थानीय युवाओं के लिए पदों की संख्या बढ़ाने और आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन अब सड़क पर उतर आया है।
शुक्रवार को बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले युवाओं ने पहले कलेक्टोरेट का घेराव किया, इसके बाद जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पहुंच कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस लगातार माइक से चक्काजाम की अनुमति नहीं होने और वापस जाने की बात कहती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
दरअसल बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के लिए 79 पद निर्धारित किए गए हैं। युवाओं की मांग है कि इन पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया जाए। उनका कहना है कि बस्तर के युवाओं को रोजगार का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। साथ ही अन्य जिलों की भर्ती प्रक्रिया की तरह उन्हें दूसरे जिलों में भी आवेदन करने का अवसर दिया जाए।