एक्सप्रेस में महिला का पर्स पार, डेढ़ लाख से अधिक का सामान चोरी
|
17 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 17 नवंबर। निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस में सफर कर रही एसईसीएल बिश्रामपुर की डिपार्टमेंटल कॉलोनी निवासी महिला का अज्ञात चोरों ने पर्स पार कर दिया। घटना ग्वालियर स्टेशन के पास की बताई जा रही है। महिला की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डिपार्टमेंटल कॉलोनी निवासी पुष्पा देवी (52) पति गोरखनाथ सिंह पिछले दिनों दिल्ली में अपनी बेटी और दामाद से मिलने गई थीं। दस नवंबर को वह ट्रेन संख्या 22408 निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस के एसी कोच बी-4 की सीट नंबर चार पर सवार होकर बिश्रामपुर लौट रही थीं। 11 नवंबर की भोर करीब तीन से चार बजे के बीच ग्वालियर स्टेशन के पास जब वह सो रही थीं, तभी अज्ञात चोर उनके सिर के नीचे रखा पर्स लेकर फरार हो गया। नींद खुलने पर पर्स गायब देख उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
महिला के मुताबिक, पर्स में करीब 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और लॉकेट, रेडमी मोबाइल, 6,500 रुपये नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र और एसबीआई का एटीएम कार्ड रखा था। चोरी गए सामान की कुल कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई गई है।