उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ छठ महापर्व का समापन
|
17 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 16 नवंबर। लौह नगरी बचेली में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह एनएमडीसी केंद्रीय कर्मशाला के समीप स्थित सेंप्लेक्स नाला घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और दीर्घायु की कामना की। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन हुआ।
सुबह होने से पहले ही घाट पर छठव्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने पूजा की थालियों और बांस के दउरा में फल, नारियल, गन्ना एवं अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव की आराधना की। सूर्योदय के समय महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।
गौरतलब है कि रविवार की शाम इसी सेंप्लेक्स नाला घाट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया था। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ। पूजा के पश्चात महिलाओं ने व्रत का पारण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने छठ महापर्व के अवसर पर समस्त नगरवासियों एवं व्रतधारी महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के मद्देनजर सेंप्लेक्स नाला छठ घाट पर साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां करवाईं। नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा घाट की साफ-सफाई एवं व्यवस्था को बेहतर बनाने में सराहनीय योगदान दिया गया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। साथ ही उन्होंने छठ घाट के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये का टेंडर जारी होने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
छठ पूजा के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक पर्व में भाग लिया। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से आकर बचेली में बसे परिवारों के साथ स्थानीय लोगों की सहभागिता ने पर्व की रौनक बढ़ा दी। पूरे आयोजन के दौरान आस्था, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।